Dehradun: शहर के इन इलाकों में जुलूस-प्रदर्शन पर लगी रोक
जिला प्रशासन और पुलिस ने यातायात के मद्देनजर बनाई नई व्यवस्था

देहरादून। शहर की यातायात व्यवस्था के मद्देनजर व्यस्ततम मार्गों और जगहों पर अब धरना प्रदर्शन और शोभायात्रा आदि पर प्रतिबंध रहेगा। जिलाधिकारी ने इस बारे आदेश जारी कर दिया है। जिला प्रशासन ने धरना प्रदर्शन आदि के लिए जगहें भी तय कर दी हैं।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने बताया कि शहर के प्रमुख चौराहों पर प्रदर्शन, जुलूस, शोभायात्रा, रैली आदि से जाम के हालात बने रहते हैं। जिसके कारण राहगीरों खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को परेशानियों से दो चार होना पड़ता है।
उन्होंने बताया कि एसएसपी अजय सिंह के साथ मंथन के बाद शहर की वर्षों पुरानी समस्या से निपटने के लिए प्रमुख 6 चौराहों के लिए नई व्यवस्था बनाई गई है। जिसके तहत् व्यस्ततम जगहों घंटाघर, गांधी पार्क, एस्लेहॉल चौक, दर्शन लाल चौक, तहसील चौक, बुद्धा चौक में अब धरना प्रदर्शन, जुलूस, शोभायात्रा, रैली आदि पर रोक रहेगी।
वहीं सचिवालय कूच, जुलूस, जनसमूह परेड ग्राउंड परिसर के बाहर निकट ढुंगा हाउस एकत्रित होने के बाद कनक चौक होते हुए पैसिफिक तिराहा से आगे आयकर तिराहे तक जा सकेगा। जबकि परेड ग्राउण्ड से राजभवन, सीएम आवास कूच को पैसिफिक तिराहे पर ही रोका जाएगा।
बताया गया कि पारंपरिक शोभा यात्राओं, धार्मिक जुसूसों के लिए विशेष परिस्थितियों में समय, मार्ग व संख्या निर्धारण को जिला प्रशासन, पुलिस, और यातायात प्रशासन द्वारा कार्ययोजना तैयार की जाएगी।