कैबिनेट मंत्री ने धरातल पर देखी जी 20 के लिए व्यवस्थाएं
सुबोध उनियाल ने किया मुनिकीरेती और स्वर्गाश्रम क्षेत्र का दौरा, दिए निर्देश

मुनिकीरेती/ ऋषिकेश। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने मुनिकीरेती और स्वर्गाश्रम क्षेत्र में G20 शिखर सम्मेलन की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को जायजा लिया। इस बीच उनियाल ने अधिकारियों को शेष काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
शनिवार को कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत मुनिकीरेती स्थित पूर्णानंद पार्किंग पहुंचे। यहां से उन्होंने बस पार्किंग में निर्माण कार्यों, आस्थापथ और गंगाघाटों पर मेंटीनेंस और सौंदर्यीकरण के कार्यों को देखा। वहीं, संबंधित अधिकारियों से जी-सम्मेलन से जुड़े निर्माण कार्यो की जानकारियां हासिल की। उनियाल ने अधिकारियों को निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ तेजी से पूरा करने को भी कहा।
मंत्री उनियाल ने कहा कि G20 सम्मेलन के लिए विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्षों और प्रतिनिधियों का प्रदेश और मुनिकीरेती में आगमन गौरव की बात है। लिहाजा तैयारियों में कोई कोताही बर्दाशत नहीं की जाएगी।
मौके पर नगरपालिका अध्यक्ष रोशन रतूड़ी, कृषि उत्पादन मंडी समिति अध्यक्ष विनोद कुकरेती, अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग कमल सिंह, लोनिवि के अधीक्षण अभियंता गंभीर सिंह असवाल, डीएफओ अमित कंवर, एसडीएम नरेंद्रनगर देवेंद्र नेगी, सहायक अभियंता मंगल सिंह, पार्षद गजेंद्र सजवाण, वीरेंद्र चौहान, रोहित गोडियाल, मनोज बिष्ट, मनीष डिमरी, जितेंद्र सजवाण आदि मौजूद थे।