फिल्म शूटिंग से उत्तराखंड में 1,759 करोड़ का कारोबार

देहरादून, 23 सितम्बर। उत्तराखंड फिल्म शूटिंग के प्रमुख केंद्र के रूप में तेजी से उभर रहा है। नई फिल्म नीति लागू होने के बाद पांच साल से कम अवधि में प्रदेश में फिल्म शूटिंग के जरिए 1,759 करोड़ रुपये का कारोबार दर्ज किया गया है। सरकार के अनुसार, इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिला है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता और भौगोलिक परिस्थितियां फिल्म निर्माण के लिए अनुकूल हैं। सरकार शूटिंग की अनुमति प्रक्रिया को सरल बनाने और फिल्म निर्माताओं को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर काम कर रही है।
फिल्म नीति-2024 में शूटिंग के लिए सिंगल विंडो व्यवस्था, अनुदान, प्रोत्साहन, प्रशिक्षण, छात्रवृत्ति और पोस्ट-प्रोडक्शन सुविधाओं का प्रावधान किया गया है। वित्तीय वर्ष 2021-22 से 2025-26 तक 52 फिल्मों को अनुदान दिया गया। इनमें हिंदी के अलावा गढ़वाली, कुमाऊंनी और जौनसारी फिल्मों को भी शामिल किया गया है। वर्ष 2025-26 में 25 फिल्मों को अनुदान मिला।
वहीं, 2019-20 से 2025-26 तक प्रदेश में 1,440 से अधिक फिल्मों की शूटिंग और एनओसी संबंधी गतिविधियां दर्ज हुईं। फिल्म नीति के तहत उत्तराखंड फिल्म पुरस्कार-2024 एवं 2025 का आयोजन भी किया जा रहा है।



