पहली गढ़वाली सुपर नेचुरल हॉरर फिल्म ‘असगार’ रिलीज
डीजी सूचना बंशीधर तिवारी समेत कई गणमान्य लोगों ने देखा पहला शो

देहरादून। उत्तराखंड की लोकभाषाओं का सिनेमा लगातार विकसित होता जा रहा है। बीते शुक्रवार को उत्तराखंड की पहली गढ़वाली सुपर नेचुरल हॉरर फ़िल्म “असगार“ देहरादून के पी.वी.आर. सेंट्रियो मॉल में रिलीज हुई। इस अवसर सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी, संयुक्त निदेशक नितिन उपाध्याय व केएस चौहान, लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी समेत कई गणमान्य लोगों ने फिल्म का पहला शो देखा।
आयुषी फिल्म्स के बैनर तले बनी गढ़वाली फिल्म के मुख्य नायक नवोदित अभिनव चौहान व नायिका मानवी पटेल हैं। इसके अलावा राकेश गौड़, मदन डुकलान, गोकुल पंवार, गम्भीर जयाड़ा, संयोगिता ध्यानी और अनिल शर्मा भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म निमाता सुमन वर्मा हैं, तो निर्देशन का दायित्व अनुज जोशी ने निभाया है।
फिल्म का कथानक गढ़वाल के एक गांव पर आधारित है, जहां अचानक मौतों का सिलसिला शुरू हो जाता है। गांव के लोगों से लेकर शासन-प्रशासन तक इस रहस्य को सुलझा नहीं पाते। जब राज खुलता है तो सभी स्तब्ध रह जाते हैं। फिल्म की शूटिंग उत्तराखंड के कई मनोरम स्थानों पर हुई है।
इस फिल्म के निर्देशक अनुज जोशी इससे पहले मेरु गौं, अजाण, तेरी सौं और कमली जैसी सफल फिल्मों का लेखन और डायरेक्शन कर चुके हैं। को-प्रोड्यूसर संजय नरेंद्र श्रीवास्तव और एक्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर सुमित खरबंदा है। संगीत अमित वी कपूर का है। लोकगायक प्रीतम भरतवाण, जितेन्द्र पंवार और प्रतीक्षा बमराडा ने गीतों को स्वर दिया है। छायांकन हरीश नेगी और संपादन विभोर सकलानी ने किया है।