Presidential Election 2022: देहरादून। राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए उत्तराखंड में शुरू मतदान की प्रक्रिया शाम 5 बजे तक जारी रहेगी। अब तक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत कई मंत्री और विधायक अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके हैं। मतदान के लिए विधानसभा में कक्ष संख्या 321 में बूथ बनाया गया है।
सोमवार को राष्ट्रपति चुनाव के लिए सुबह 10 बजे मतदान शुरू हुआ। उत्तराखंड के लिए नियुक्त पर्यवेक्षक एलएस चांगसांग की निगरानी में मतदान की प्रक्रिया जारी है। अब तक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, प्रेमचंद अग्रवाल, डॉ धन सिंह रावत, विधायक बिशन सिंह चुफाल, रेणु बिष्ट आदि के अलावा बसपा वधायक मोहम्मद शहजाद, सरवत करीब अंसारी भी वोट डाल चुके हैं।
उत्तराखंड में राष्ट्रपति चुनाव के लिए सभी 70 विधायक वोट कर सकेंगे। उनका कुल मत मूल्य 4480 है। जो कि वर्ष 1971 की जनगणना के आधार पर निर्धारित किया गया है। एक विधायक का मत मूल्य 64 है। जबकि एक सांसद का मत मूल्य 700 है। जिसके हिसाब से राज्य में लोकसभा और राज्यसभा के कुल 8 सांसदों का मत मूल्य 5600 होगा। उत्तराखंड विधानसभा में पार्टी वार भाजपा के 47, कांग्रेस के 19, बसपा के 2 और 2 निर्दलीय विधायक हैं।
वोटिंग के बाद सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राष्ट्रपति पद की एनडीए की उम्मीदवार द्रोपदी मुर्मू की जीत पक्की है। निर्वाचन की प्रक्रिया सिर्फ औपचारिकता भर है। वोटिंग कर बाहर आने पर उन्होंने मीडिया को जीत का वी निशान दर्शाते हुए पोज दिया।