देहरादून

कैंसर पीड़ित परिवार के लिए जिला प्रशासन बना सहारा

सीएसआर फंड से चुकाया 71 हजार का कर्ज, अतिरिक्त आर्थिक सहायता भी दी

देहरादून। आर्थिक संकट से जूझ रहे एक कैंसर पीड़ित परिवार को जिला प्रशासन ने बड़ी राहत पहुंचाई है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के तहत जिला प्रशासन ने न केवल परिवार का बैंक ऋण चुकाया, बल्कि आर्थिक सहायता देकर उन्हें मानसिक और आर्थिक तनाव से भी उबारा।

रायपुर विकासखंड के ग्राम मालदेवता निवासी संध्या रमोला ने जिलाधिकारी सविन बंसल से मिलकर अपनी पीड़ा साझा की थी। बताया कि उनके पति गले के कैंसर से पीड़ित हैं, उनका इलाज हिमालय अस्पताल में चल रहा है। लगातार कीमोथेरेपी और इलाज के कारण वह काम करने में असमर्थ हो गए हैं। परिवार की पूरी जिम्मेदारी संध्या पर आ गई, जबकि दो छोटे बच्चों के पालन-पोषण और इलाज का खर्च उठाना उनके लिए मुश्किल हो गया था।

संध्या ने बताया कि स्वरोजगार और स्वयं सहायता समूह संचालन के लिए उन्होंने वर्ष 2024 और 2025 में बैंक से ऋण लिया था, लेकिन पति की बीमारी के चलते किश्तें जमा नहीं हो सकीं। इस पर बैंक ने करीब 71 हजार रुपये जमा करने का नोटिस जारी कर दिया था। एजेंटों के लगातार दबाव के कारण परिवार मानसिक तनाव में भी था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने सीएसआर फंड से पूरी ऋण राशि सीधे बैंक खाते में जमा कराने के निर्देश दिए। साथ ही बैंक को नो ड्यूज प्रमाण पत्र जारी करने को कहा गया। इसके अतिरिक्त रायफल क्लब मद से परिवार को 50 हजार रुपये की अतिरिक्त आर्थिक सहायता डीबीटी के माध्यम से उपलब्ध कराई गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button