देहरादून

Dehradun: सीएम ने ‘वन क्लिक’ में भेजे पेंशनर्स को ₹111 करोड़

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत पेंशनर्स को “वन क्लिक” के माध्यम से अप्रैल माह की पेंशन जारी की। इस दौरान शत-प्रतिशत राज्य पोषित योजनाओं के 7,56,682 लाभार्थियों को कुल 111 करोड़ 82 लाख 52 हजार रुपये की धनराशि हस्तांतरित की गई। इसमें वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग, किसान, परित्यक्ता, भरण-पोषण अनुदान, तीलू रौतेली और बौना पेंशन शामिल हैं।

सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अंत्योदय के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। आर्थिक व सामाजिक रूप से कमजोर वर्गों के सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। बताया कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिसके चलते हर वर्ष 60 हजार से अधिक नए लाभार्थी पेंशन योजनाओं से जुड़ रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे शिविरों का आयोजन आगे भी नियमित रूप से किया जाए। साथ ही 59 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके लोगों का सर्वे कर आवश्यक औपचारिकताएं समय से पूरी कर ली जाएं, ताकि 60 वर्ष की आयु पूरी होते ही उन्हें पेंशन का लाभ मिल सके। उन्होंने योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने और आय सीमा को व्यावहारिक बनाने पर भी जोर दिया।

कार्यक्रम में विभागीय मंत्री खजान दास ने कहा कि सरकार पारदर्शिता के साथ प्रत्येक जरूरतमंद तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। मौके पर प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु, सचिव शैलेश बगौली, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, निदेशक समाज कल्याण डॉ. संदीप तिवारी, अपर सचिव समाज कल्याण प्रकाश चंद्र आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button