देहरादूनः ऋण प्रक्रिया को आसान बनाएं बैंकः सीएम
एसएलबीसी बैठक में समीक्षा, कम ऋण-जमा अनुपात पर नाराजगी

देहरादून, 09 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (एसएलबीसी) की 97वीं बैठक के दौरान बैंकिंग सेवाओं, ऋण वितरण, वित्तीय समावेशन और स्वरोजगार योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान सीएम ने आमजन, किसानों, युवाओं, महिलाओं और उद्यमियों तक ऋण की पहुंच को और अधिक सुलभ बनाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने बागेश्वर, पौड़ी, अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और टिहरी जैसे जनपदों में कम ऋण-जमा (क्रेडिट-डिपॉजिट) अनुपात पर नाराजगी जताई। उन्होंने इन जिलों में जिला प्रशासन, लीड बैंक और संबंधित विभागों को मिलकर नियमित शिविर लगाने और पात्र लोगों की पहचान कर उन्हें समय पर ऋण उपलब्ध कराने को कहा।
उन्होंने जोर दिया कि राज्य के ऋण-जमा अनुपात को राष्ट्रीय औसत तक पहुंचाने के लक्ष्य के साथ काम किया जाए। साथ ही, स्पष्ट किया कि कल्याणकारी योजनाओं के आवेदनों को केवल तकनीकी कमियों के आधार पर निरस्त न किया जाए, बल्कि आवेदकों का मार्गदर्शन कर उन कमियों को दूर कराया जाए।
वित्तीय वर्ष 2025-26 की उपलब्धियों को साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि वार्षिक ऋण योजना में लगभग 96 प्रतिशत और एमएसएमई क्षेत्र में 111 प्रतिशत की उपलब्धि राज्य की मजबूत आर्थिक प्रगति का संकेत है।
उन्होंने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना-2.0, होम-स्टे, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा और किसान क्रेडिट कार्ड जैसी योजनाओं में प्राथमिकता के आधार पर ऋण देने के निर्देश दिए। कृषि, बागवानी, पर्यटन और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए भी उन्होंने बैंकिंग सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया।
बैठक में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने साइबर अपराधों पर लगाम लगाने के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 से प्रमुख बैंकों के प्रतिनिधियों को जोड़ने की बात कही, ताकि ठगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई हो सके।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर.के सुधांशु , डॉ. आर. मीनाक्षी सुन्दरम, सचिव दिलीप जावलकर, नितेश झा, डॉ बी.वी. आर.सी. पुरुषोत्तम, विनय शंकर पाण्डेय, एस.एन. पाण्डेय, श्रीधर बाबू अदांकी, धीरज गर्ब्याल, क्षेत्रीय निदेशक आरबीआई अरविन्द कुमार, मुख्य महाप्रबंधक हर्ष कुमार गौतम, महाप्रबंधक नाबार्ड पंकज यादव, अध्यक्ष इन्डस्ट्रीज एसोसियेशन ऑफ उत्तराखण्ड पंकज गुप्ता, मुख्य महाप्रबंधक एसबीआई नई दिल्ली प्रभास बोस, महाप्रबंधक शैलेश कुमार, उप महाप्रबन्धक एसबीआई देहरादून राजीव रंजन, उप महाप्रबन्धक हल्द्वानी राजीव रंजन रतन, सहायक महाप्रबन्धक, एस.एल.बी.सी. उत्तराखंड शैलेन्द्र कुमार उनियाल आदि मौजूद रहे।



