देहरादूनः जनता दरबार में दर्ज हुईं 167 शिकायतें

देहरादून। कलेक्ट्रेट परिसर में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह की अध्यक्षता में आयोजित जनता दरबार में जनसामान्य की समस्याओं को सुना गया। इस दौरान भूमि विवाद, अवैध कब्जा, अतिक्रमण, मारपीट, भरण-पोषण, आर्थिक सहायता और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी कुल 167 शिकायतें दर्ज की गईं। अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष मामलों पर संबंधित विभागों को जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई में सामाजिक सरोकार से जुड़े कई गंभीर मामले सामने आए। फतेहपुर निवासी 80 वर्षीय बीर सिंह ने अपने पुत्र और पुत्रवधू पर मारपीट और उत्पीड़न का आरोप लगाया। इसी तरह इंद्रा कॉलोनी के 68 वर्षीय अशोक कुमार धवन ने भी अपने पुत्र पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई। दोनों मामलों में अधिकारियों को वरिष्ठ नागरिक अधिनियम के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
हरेकृष्णा विहार की 62 वर्षीय शकुंतला कौर ने अपने पुत्र और बहू द्वारा प्रताड़ित कर घर से निकालने के प्रयास की शिकायत की, जिस पर एसडीएम को भरण-पोषण अधिनियम के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
आर्थिक सहायता से जुड़े मामलों में कांवली रोड निवासी अमरजीत कौर और छात्र आर्यन रमोला ने फीस माफी की गुहार लगाई। वहीं डालनवाला निवासी विनिता ने अपने पुत्र के निजी विद्यालय में प्रवेश के लिए सहायता मांगी। सभी मामलों में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा मोबाइल टावर स्थापना, सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमण और सड़कों के निर्माण में अनियमितता की शिकायतों पर भी जांच के आदेश दिए गए। अधिकारियों को सभी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जनता दरबार में अपर जिलाधिकारी (वि.रा) केके मिश्रा, एसडीएम स्मृता परमार, अपूर्वा सिंह, कुमकुम जोशी, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, मुख्य शिक्षा अधिकारी वीके ढ़ौडियाल आदि अधिकारी मौजूद रहे।



