देहरादूनः जिले में 1.90 लाख वोटर गणना फार्म जमा करने से दूर
डीएम बोले- सभी पात्र नागरिक 07 जुलाई तक जमा करें अपने फार्म

छेहरादून, 04 जुलाई। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत 07 जुलाई तक गणना प्रपत्र जमा करना अनिवार्य है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीएम डॉ. आशीष चौहान ने जिले के उन पात्र नागरिकों से गणना प्रपत्र जमा करने की अपील की है, जिन्होंने अब तकयह प्रक्रिया पूरी नहीं की है।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में पंजीकृत 13.76 लाख मतदाताओं में से 11.86 लाख से अधिक मतदाता अपना गणना प्रपत्र जमा कर चुके है। इनमें 99.98 प्रतिशत का डिजिटाइजेशन पूरा हो चुका है। बताया कि अब तक 1,90,588 वोटर ने गणना प्रपत्र जमा नहीं किए हैं।
उन्होंने कहा कि जो नागरिक दिन के समय घर पर उपलब्ध नहीं रहते, वे ईसीआईनेट एप या ‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ सुविधा का उपयोग कर अपने बीएलओ से संपर्क कर अपना गणना प्रपत्र जमा कर सकते हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि उत्तराखंड के मतदाता वर्ष 2003 की मतदाता सूची में अपना अथवा अपने माता-पिता या दादा-दादी का नाम मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर खोज सकते हैं। अन्य राज्यों के मतदाता निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर अंतिम एसआईआर मतदाता सूची में अपना नाम देख सकते हैं। इसके अलावा निर्वाचन आयोग द्वारा जारी क्यूआर कोड के माध्यम से भी आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
डीएम ने अपील की कि गणना प्रपत्र भरने व जमा करने के लिए अब मात्र तीन दिवस शेष है। पात्र नागरिक अंतिम समय का इंतजार न करें, 07 जुलाई तक गणना प्रपत्र जमा कर अपने लोकतांत्रिक अधिकार को सुरक्षित रखें।



