उत्तराखंडसियासत

Politics: चंपावत पर ‘धामी’ की ‘मेहरबानियों’ का दौर शुरू

निर्वतमान विधायक के साथ चंपावत पहुंचे सीएम, खोला सौगातों का पिटारा

चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज से ही उपचुनाव की तैयारियों में जुट गए हैं। उन्होंने चंपावत तल्ला स्थित गुरु गोरखनाथ मंदिर दर्शनों के बाद विधानसभा क्षेत्र के लिए कई सौगातों का पिटारा खोला। कहा कि कुमाऊं के लिए प्रस्तावित देवस्थलों के कॉरिडोर में गुरु गोरखनाथ धाम भी शामिल है। जनपद चंपावत को विश्व पर्यटन मानचित्र में लाने के भी समुचित प्रयास किए जाएंगे।

देहरादून में आज गुरुवार को चंपावत विधायक कैलाश चंद्र गहतोड़ी के विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफे के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गहतोड़ी संग चंपावत पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने पहाड़ी पर स्थित गुरु गोरखनाथ मंदिर पहुंचकर पूजा अर्चना की। जिसके बाद जनसभा में उन्होंने गहतोड़ी का आभार जताया।

सीएम धामी ने कहा कि कुमाऊं के प्रमुख सत्रह धामों के लिए प्रस्तावित कॉरिडोर में गुरु गोरखधाम भी शामिल है। साथ ही गोल्जू देव के तीनो धाम चंपावत, अल्मोड़ा वघोड़ाखाल के लिए भी एक कॉरिडोर बनाया जाएगा। विशेष कार्ययोजना के तहत यहां पर्यटन की संभावनाओं को उभारा जाएगा। वहीं, धामी ने उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता को लागू करने की बात भी दोहराई।

निर्वतमान विधायक कैलाश गहतोड़ी ने कहा कि मुख्यमंत्री के चंपावत से चुनाव लडने के फैसले ने उन्हें और जनपद की जनता को बहुत बड़ा उपहार दिया है। मुख्यमंत्री की जीत से यहां का चहुंमुखी विकास हो सकेगा।

इस दौरान सीएम धामी ने अमोडी दुर्घटना के पीड़ितों को राहत चेक भी वितरित किए। वहीं, आमनजन से उनकी समस्याएं भी सुनी। सीएम के चंपावत पहुंचने पर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।

मौके पर पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, जिला पंचायत अध्यक्ष ज्योति राय, डीएम विनीत तोमर, एसपी देवेन्द्र पींचा, भाजपा जिलाध्यक्ष दीप पाठक, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सतीश पांडे, संगठन मंत्री अजय सिंह भट्ट, नगर अध्यक्ष कैलाश अधिकारी आदि मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाएं
1. चंपावत में एआरटी ओ कार्यालय की स्थापना।
2. बनबसा में मिनी स्टेडियम का निर्माण।
3. अमोडी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण।
4. मंच उप तहसील में जल्द ही कार्य प्रारंभ।
5. टनकपुर इंजीनियरिंग कॉलेज को आईआईआईटी बनाने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा जाएगा।
6. चंपावत को पर्यटन मानचित्र में लाने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार होगी।
7. मां पूर्णागिरी व देवीधुरा मंदिर क्षेत्र का विकास किया जाएगा।
8. चंपावत गोल्जू देवता, घोड़ाखाल गोल्जू देवता व चितई गोल्जू देवता का एक विशेष कॉरिडोर बनाया जाएगा।
9. चंपावत के चाय बागान से हिंगला देवी तक रोपवे मार्ग बनाया जाएगा।
10. ककराली गेट-ठुली गाड़-भराव मंदिर मोटर मार्ग, सुखीधांग-डाडा मीनार-रीठा साहिब मार्ग व सुखिधांग से श्यामला ताल मोटर मार्ग को राज्य मार्ग का दर्जा दिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button