Tribute Victoria Cross Gabbar Singh Negi : ऋषिकेश। ब्रिटिश सरकार की ओर से प्रथम विक्टोरिया क्रॉस से सम्मानित वीर सैनिक गब्बर सिंह नेगी के जयंती दिवस पर अंतरराष्ट्रीय गढ़वाल महासभा ने भावपूर्ण स्मरण किया।
दूनमार्ग स्थित प्रदेश कार्यालय में महासभा के पदाधिकारियों ने गढ़वाल राइफल्स के वीर सैनिक गब्बर सिंह नेगी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान महासभा अध्यक्ष डॉ राजे सिंह नेगी ने जाबांज सैनिक के वीरगाथा का स्मरण किया। बताया कि 21 अप्रैल 1895 को जनपद टिहरी के चंबा के समीप मज्यूड़ गांव में जन्में गब्बर सिंह नेगी 1913 में गढ़वाल रायफल में भर्ती हुए थे।
बताया कि कुछ ही समय बाद गढ़वाल रायफल के वीर सैनिकों को प्रथम विश्व युद्ध के लिए फ्रांस भेजा गया। जहां 1915 में न्यू शैपल में युद्ध के दौरान महज 20 वर्ष की आयु में वीरगति को प्राप्त हुए। उनके अद्भुत पराक्रम पर ब्रिटिश सरकार ने उन्हें मरणोपरांत प्रथम विक्टोरिया क्रॉस सम्मान प्रदान किया। विक्टोरिया क्रॉस हासिल करने वाले वह सबसे कम उम्र के वीर सैनिक थे।
डॉ नेगी ने बताया कि जनपद टिहरी के चंबा नगर में स्थापित उनके स्मारक स्थल पर हरवर्ष 21 अप्रैल को गढ़वाल राइफल की ओर से द्वारा परेड आयोजित कर सलामी दी जाती है। इस दिन चंबा में मेले का आयोजन भी किया जाता है। नेगी ने कहा कि उनका वीरतापूर्ण इतिहास उत्तराखंड के गौरव का विषय है।
इस अवसर पर महासभा से जुड़े उत्तम असवाल, भुवनेश्वर प्रसाद भारद्वाज, अमित कुमार, पंकज गुसाईं, चन्द्र प्रकाश, अंशु सिंह, नरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।