दशहरे से पहले ही हुए ‘रावण’ विदा
रामायण सीरियल में रावण बने अरविंद त्रिवेदी ने मुंबई में ली अंतिम सांस

प्रसिद्ध रामायण धारावाहिक में रावण का जीवंत किरदार निभाने वाले अभिनेता अरविंद त्रिवेदी का हार्ट अटैक से निधन हो गया। त्रिवेदी ने 82 वर्ष की उम्र में मंगलवार की रात मुंबई में अंतिम सांस ली।
तीन दशक पहले रामानंद सागर निर्मित धार्मिक धारावाहिक रामायण जितना कामयाब रहा, उतना ही कोरोनाकाल में लॉकडाउन के दौरान दोबारा प्रसारण पर उसकी चर्चा रही। खासकर युवा पीढ़ी ने भी इस सीरियल को खूब पसंद किया। उन्हें सीरियल के सभी किरदार भी पसंद आए। इन्हीं में से एक प्रमुख चरित्र है रावण। जिस भूमिका को अरविंद त्रिवेदी ने अपनी शानदार अभिनय से जीवंत किया। इसी किरदार से उन्हें मनारंजन जगत में बड़ा नाम भी मिला।
आज भले ही अरविंद त्रिवेदी इस दुनिया से विदा हो गए हैं, लेकिन उनका रावण का किरदार आज भी हर किसी में मन में ज्यों का त्यों बसा हुआ है। मंगलवार को उनके निधन की खबर की भतीजे कौस्तुभ त्रिवेदी ने पुष्टि की। बताया कि वह कुछ समय से बीमार थे। बताया कि अंतिम संस्कार बुधवार सुबह किया गया।
मूलरूप से मध्यप्रदेश के निवासी अरविंद त्रिवेदी ने अपने करियर की शुरुआत फिल्म ‘पराया धन’ से की थी। इसके बाद कुछ हिंदी फिल्मों में काम करने के अलावा उन्होंने कई गुजराती फिल्मों में काम किया। करीब 300 फिल्मों में काम कर चुके अरविंद त्रिवेदी को एक अलग पहचान ‘रामायण’ के रावण किरदार निभाने के बाद मिली।
रामायण के अलावा उन्होंने टीवी शो ‘विक्रम और बेताल’ में भी अहम रोल प्ले किया था। गुजराती सिनेमा में अहम योगदान के लिए उन्हें कई अवॉर्ड मिले और गुजरात सरकार ने भी सम्मानित किया। 1991 में अरविंद त्रिवेदी बीजेपी से साबरकांठा के सांसद बने थे।