केदारनाथ और हेमकुंट रोपवे परियोजनाओं में लाएं तेजीः CS

देहरादून, 22 जून। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में रविवार को सचिवालय में उत्तराखंड रोपवे डेवलपमेंट लिमिटेड के निदेशक मंडल की द्वितीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में केदारनाथ और हेमकुंट साहिब रोपवे परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए विभिन्न प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई।
मुख्य सचिव ने दोनों महत्वाकांक्षी परियोजनाओं के लिए वन भूमि स्वीकृति की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक सर्वेक्षण निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं तथा विद्युत, पेयजल और अन्य उपयोगिता सेवाओं के स्थानांतरण से जुड़े कार्यों को भी शीघ्रता से पूरा किया जाए।
उन्होंने रोपवे परियोजनाओं के अंतर्गत पार्किंग, अंतिम चरण की संपर्क व्यवस्था (लास्ट माइल कनेक्टिविटी) और आसपास व्यावसायिक क्षेत्रों के विकास पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही हितधारकों के साथ नियमित संवाद बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग लॉजिस्टिक्स प्रबंधन लिमिटेड (एनएचएलएमएल) के अधिकारियों ने बताया कि केदारनाथ रोपवे परियोजना के लिए लिडार सर्वे और वीडियोग्राफी का कार्य पूरा हो चुका है, और भू-तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। गौरीकुंड और सोनप्रयाग स्टेशनों के लिए प्रारंभिक सर्वेक्षण एवं संरेखण का कार्य भी पूरा हो गया है।
वहीं, हेमकुंट साहिब रोपवे परियोजना के लिए भूमि सर्वेक्षण जारी है। मौसम अनुकूल होते ही ड्रोन, डीजीपीएस और लिडार सर्वेक्षण कार्यों को गति दी जा रही है।
बैठक में सचिव दिलीप जावलकर, धीराज गर्ब्याल और एनएचएलएमएल के अधिकारी मौजूद रहे।



