देश

मेयर शहरों की प्रगति का प्रमुख आधारः धामी

ऋषिकेश में 29.78 करोड़ रुपये कीयोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास

ऋषिकेश। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अखिल भारतीय महापौर परिषद की 117वीं कार्यकारी समिति के कार्यक्रम में भाग लेते हुए 29.78 करोड़ रुपये की तीन विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इनमें 23.15 करोड़ रुपये की एक योजना का लोकार्पण और 6.63 करोड़ रुपये की दो का शिलान्यास शामिल है। इस दौरान सीएम ने विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर विकास कार्यों की जानकारी भी ली।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के सभी मेयर अपने-अपने शहरों के प्रथम नागरिक होने के साथ-साथ जनता की आशाओं, अपेक्षाओं और विश्वास के प्रतिनिधि भी हैं। उनके निर्णयों का प्रभाव वर्तमान के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के भविष्य पर भी पड़ता है। उन्होंने कहा कि जहां देश की आत्मा गांवों में बसती है, वहीं नागरिकों के सपने और भविष्य की संभावनाएं शहरों में आकार लेती हैं।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शहरी विकास के क्षेत्र में हुए व्यापक बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वच्छ भारत मिशन, स्मार्ट सिटी मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना और पीएम स्वनिधि जैसी योजनाओं ने देश के शहरों की तस्वीर बदलने का कार्य किया है।

उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में भी शहरी क्षेत्रों के विकास को नई गति मिली है। ठोस कचरा प्रबंधन, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। नगर निकायों में पहली बार अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर स्थापित किए गए हैं, जबकि निराश्रित गौवंश और आवारा श्वानों के प्रबंधन के लिए विशेष योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, राम सिंह कैड़ा, विधायक प्रेमचंद्र अग्रवाल, मेयर शंभू पासवान, रेनू बाला गुप्ता, आशुतोष समेत देशभर के मेयर मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button