देहरादून

Dehradun: जन्म से शिक्षा तक होगी बच्चों की डिजिटल ट्रैकिंग

मुख्य सचिव ने शिक्षा, स्वास्थ्य और तकनीकी शिक्षा विभाग को दिए निर्देश

देहरादून। प्रदेश के बच्चों की जन्म से लेकर शिक्षा और स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों की समग्र निगरानी के लिए उत्तराखंड सरकार एक एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म विकसित करेगी। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने बुधवार को सचिवालय में शिक्षा विभाग के अंतर्गत विद्यार्थियों की ट्रैकिंग और मैपिंग को लेकर आयोजित बैठक में संबंधित विभागों को इस दिशा में तेजी से कार्य करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने शिक्षा, तकनीकी शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग को संयुक्त रूप से ऐसा सिंगल प्लेटफॉर्म तैयार करने को कहा, जिसमें बच्चे के जन्म से लेकर टीकाकरण, आंगनवाड़ी में प्रवेश, विद्यालयी शिक्षा तथा शैक्षणिक उपलब्धियों तक का पूरा विवरण उपलब्ध रहे।

उन्होंने सभी बच्चों की आभा आईडी और अपार आईडी बनाने के निर्देश भी दिए, ताकि स्वास्थ्य और शिक्षा संबंधी सूचनाओं का प्रभावी समन्वय हो सके। उन्होंने कहा कि वर्तमान में आभा और अपार आईडी के माध्यम से ट्रैकिंग की जा रही है, लेकिन इन्हें और अधिक उन्नत बनाकर ऐसा तंत्र विकसित किया जाए, जो बच्चों की प्रत्येक महत्वपूर्ण गतिविधि का रिकॉर्ड सुरक्षित रखे। साथ ही अभिभावकों को समय-समय पर एसएमएस से आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाए।

मुख्य सचिव ने संबंधित विभागों, एनआईसी और आईटीडीए को मिलकर विस्तृत मंथन करने और जल्द ही इस विषय पर अगली समीक्षा बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। मौके पर सचिव रविनाथ रमन, विनय शंकर पाण्डेय, सी. रविशंकर, अपर सचिव सुरीना जोशी आदि अधिकारी मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button