Dehradun: दिनेश अग्रवाल ‘भाजपा’ में इन, ‘कांग्रेस’ से आउट

देहरादून। कांग्रेस सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे दिनेश अग्रवाल आज भाजपा में शामिल हो गए। अग्रवाल ने एक दिन पहले ही कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दिया था। उधर दिनेश अग्रवाल को कांग्रेस ने छह साल के लिए पार्टी से निष्काषित कर दिया है।
रविवार को भाजपा के प्रदेश कार्यालय में कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे दिनेश अग्रवाल को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद भट्ट ने पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस अवसर पर हरिद्वार लोकसभा प्रत्याशी त्रिवेंद्र सिंह रावत, पूर्व सीएम रमेश पोखरियाल निशंक, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, प्रेमचंद अग्रवाल, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल आदि मौजूद रहे।
भाजपा ज्वाइन करने के बाद दिनेश अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विकासपरक कामों से प्रेरित होकर उन्होंने बीजेपी का दामन थामा है। कहा कि पार्टी में उन्हें जो भी काम दिया जाएगा, वह निष्ठा के साथ उसे निभाने का काम करेंगे।
बता दें कि दिनेश अग्रवाल 2002 और 2007 में लक्ष्मण चौक सीट पर पूर्व सीएम नित्यानंद स्वामी को हराकर विधायक बने थे। 2012 में उन्होंने धर्मपुर सीट पर भाजपा प्रत्याशी प्रकाश ध्यानी को हराया था। 2017 में विनोद चमोली ने उन्हें मात दी। अग्रवाल उत्तर प्रदेश के दौर से अब तक सात बार विधानसभा और एक बार मेयर का चुनाव लड़ चुके हैं।
कांग्रेस ने किया निष्कासित
दिनेश अग्रवाल के बगावती तेवरों और पार्टी छोड़ने के बाद कांग्रेस की अनुशासन समिति ने उन्हें छह साल के लिए पार्टी निष्कासित कर दिया है। उनके साथ नगर निगम पार्षद राजेश परमार को पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते पार्टी से बाहर किया गया है। यह जानकारी कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष संगठन एवं प्रशासन मथुरादत्त जोशी ने दी है।