
देहरादून। कांग्रेस ने अब विधानसभा वार स्थानीय स्तर पर भी भाजपा को कमजोर करने की मुहिम शुरू कर दी है। कांग्रेस ने पुरोला विधानसभा में भाजपा के कदावर नेता दुर्गेश लाल को पार्टी में शामिल कर इसकी शुरूआत कर दी है। जो कि 2022 से पहले भाजपा के लिए पुरोला में बड़ा झटका माना जा रहा है।
बीते महीने से भाजपा और कांग्रेस के बीच शुरू दलबदल का सिलसिला अब स्थानीय स्तर पर भी पहुंच गया है। पुरोला सीट से कांग्रेस के विधायक राजकुमार को भाजपा ने झटक लिया था। जिसके बाद माना जा रहा था कि इस क्षेत्र में भाजपा के भीतर उथलपुथल निश्चित है। जो कि दुर्गेश लाल के कांग्रेस में शामिल होने से जाहिर भी हो गया।
बता दें कि 2017 के चुनाव में पुरोला विधानसभा में निर्दलीय मैदान में होने के बावजूद 13508 वोट हासिल कर तीसरे स्थान पर रहे थे। कांग्रेस के राजकुमार को 17548 और दूसरे नंबर पर रहे भाजपा प्रत्याशी मालचंद को 16543 वोट मिले थे। तब माना गया कि दुर्गेश लाल के सियासी पकड़ कर नुकसान भाजपा को हुआ।
इसके बाद दुर्गेश लाल ने भाजपा में शामिल हुए। लेकिन ऐन चुनाव से पहले उनका कांग्रेस में जाना, एकबार फिर से भाजपा के लिए खतरे की घंटी माना जा रहा है। इस सीट पर अगर कांग्रेस दुर्गेश लाल को राजकुमार के सामने खड़ा करती है, तो दुर्गेश लाल की क्षेत्र में अपनी राजनीतिक मजबूत साख, कांग्रेस समर्थित वोट और सरकार के खिलाफ एंटीइनकंबेंसी जैसी स्थिति भाजपा को नुकसान पहुंचा सकती है।
आज कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की मौजूदगी में दुर्गेश लाल ने कांग्रेस का दामन थामा है। इस दौरान उनके साथ उनके समर्थक भी मौजूद रहे।