चुनाव

Election: सीएम धामी ने माला राज्यलक्ष्मी के लिए मांगे वोट

कैंट विधानसभा में गिनाई केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां

Tehri Lok Sabha Election 2024 : देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कैंट विधानसभा क्षेत्र में टिहरी संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी माला राज्यलक्ष्मी शाह के लिए जनता से वोट अपील की। उन्होंने पूर्व विधायक स्वर्गीय हरबंस कपूर को नमन करते हुए कहा कि कैंट विधानसभा कई दशकों से भाजपा को अपना आशीर्वाद देता आया है, निश्चित ही आगे भी देगा। हा भाजपा प्रत्याशी माला राजलक्ष्मी शाह को आपका मत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने में जाएगा। कहा प्रधानमंत्री के हृदय में उत्तराखंड बसता है। उनका इस भूमि से विशेष लगाव है। उनके नेतृत्व में उत्तराखंड में 2 लाख करोड़ से भी अधिक की विकास योजनाएं स्वीकृत हुई हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड की भूमि से हम सभी को एक जिम्मेदारी दी है। “विकसित उत्तराखंड और विकसित भारत” के संकल्प को सिद्ध करने के लिए हम उत्तराखंड की पांचो सीटों से भाजपा प्रत्याशियो को जिताएंगे। जनता का हर एक वोट बहुमूल्य है। जनता का एक वोट भारत और उत्तराखंड की तस्वीर और तकदीर बदलने का काम करेगा। आपके समर्थन से हम निर्णायक लक्ष्य तक पहुंचेंगे।

धामी ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में आज का भारत विकास और समृद्धि के पथ पर अग्रसर है। पूरी दुनिया के अंदर भारत का मान-सम्मान, पहचान, स्वाभिमान बड़ा है। 2014 के बाद से विकसित, आत्मनिर्भर और श्रेष्ठ भारत का सपना साकार हो रहा है। भारत विश्व की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। भारत में स्टार्टअप और मेक इन इंडिया जैसी योजनाएं चल रही हैं। वंदेभारत जैसी विश्वस्तरीय स्वदेशी ट्रेन भारत की पहचान बन रही हैं। आज भारत में प्रतिदिन 38 किमी. नई सड़क बनाई जा रही है। बीते 10 सालों में 55 हजार किलोमीटर से अधिक राष्ट्रीय राज्यमार्गो का निर्माण किया जा चुका है। 2014 के बाद से अब तक 15 एम्स के निर्माण, 74 हवाइअड्डों का निर्माण हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देश के 140 करोड़ नागरिकों को अपना परिवार मानकर निरंतर कार्य कर रहे हैं। बीते 10 वर्षों में 25 करोड़ देशवासियों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला गया है। गरीब परिवारों को 4 करोड़ से ज्यादा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पक्के मकान मिले हैं। 12 करोड़ से ज्यादा घरों तक नल से जल पहुंचाया गया है। 50 करोड़ लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा गया है। कोरोना काल के बाद देश के 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है। देश में सीएए लागू हुआ है। कश्मीर से धारा-370 का अंत हुआ है। तीन तलाक जैसी कुप्रथा ख़त्म हुई है। आज अयोध्या में भगवान श्री राम के भव्य मंदिर का निर्माण का सपना साकार हुआ।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी सरकार में भारत ने डिफेंस एक्सपोर्ट में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। भारत ने 80 देशों को 21 हज़ार करोड़ के रक्षा सामान एक्सपोर्ट किए हैं। वन रैंक वन पेंशन लागू कर सेना के जवानों को उनका अधिकार देने का काम किया है। शहीद सैनिकों की याद में देहरादून में सैन्य धाम का निर्माण किया जा रहा है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तराखंड को भी एक विकसित और आत्मनिर्भर राज्य बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। देहरादून के विकास के लिए सरकार ने एक हजार करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास के साथ ही राज्य के हित में कई ऐतिहासिक फैसले लिए हैं जो उत्तराखंड को एक बेहतर और श्रेष्ठ राज्य बनाने का मार्ग प्रशस्त करेंगे। समान नागरिक संहिता विधेयक पास करने वाला उत्तराखंड पहला राज्य बन गया है। इसके साथ ही नकल विरोधी कानून लागू किया गया। दंगारोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून लागू किया गया है। महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण एवं राज्य आंदोलनकारियों को 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है। अंत्योदय परिवारों को तीन गैस सिलेंडर निःशुल्क रिफिल करवाएं जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 से पहले कांग्रेस सरकार में हर दिन घोटाले सामने आया करते थे। आज मोदी सरकार की भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति और सख्त एक्शन से भ्रष्टाचार करने वाले या तो जेल या बेल पर हैं। कांग्रेसी गैंग झूठ और भ्रम फैलाकर जनता को गुमराह करने का काम कर रहे हैं। कहा भारत के महान लोकतंत्र पर इमरजेंसी का धब्बा लगाने वालो को आज देश का लोकतंत्र खतरे में दिख रहा है। आज विश्व भर में भारत का बढ़ता सम्मान भी राजनीति से प्रेरित कांग्रेसियों को अच्छा नहीं लग रहा।

उन्होंने कहा एक तरफ मोदी जी के मजबूत फैसले और जन कल्याणकारी स्कीम हैं, तो दूसरी तरफ कांग्रेस के करोड़ों के स्कैम हैं। मुख्यमंत्री ने सभी से माला राजलक्ष्मी को विजयी बनाकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की एक भारत-श्रेष्ठ भारत की संकल्पना को साकार करने में अपना योगदान सुनिश्चित करने का आग्रह किया। मौके पर विधायक सविता कपूर, टिहरी लोकसभा प्रभारी विनय रोहिला, मधु भट्ट, नेहा जोशी, विनय गोयल आदि मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!