
शिखर हिमालय डेस्क
ऋषिकेश। सुमन विहार स्थित गंगोत्री विद्या निकेतन में हिंदी दिवस के अवसर पर रिटायर बैंक कर्मी और साहित्यकार महेश चिटकारिया को सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि आज हिंदी को विश्वपटल पर सहर्ष स्वीकार किया जा रहा है। जो कि हिंदी के लिए बड़ी उपलब्धि है।
कार्यक्रम में शिक्षाविद् बंशीधर पोखरियाल ने कहा कि सभी भाषाओं का अपना महत्व है लेकिन खासकर हिंदी ने पूरी दुनिया को अपनी और आकर्षित किया है। विद्यालय के प्रबंधक संजय शास्त्री ने कहा कि अहिंदी राज्यों में भी हिंदी तेजी से जगह बना रही है। शिक्षक शिव प्रसाद बहुगुणा ने कहा कि हिंदी ने भाषाओं की चुनौतियों को स्वीकारा है और आज विश्व पटल पर स्थापित हो रही है।
इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने कवि दरबार का आयोजन किया। जिसमें छात्र-छात्राओं ने कबीर, रहीम, मीराबाई, तुलसीदास, माखनलाल चतुर्वेदी, श्याम नारायण पांडेय, सुभद्रा कुमारी चौहान और साहिर लुधियानवी की रचनाओं का सस्वर पाठ किया। छात्र-छात्राओं ने अपने साझा विचारों में कहा कि हमें मातृभाषा की उन्नति के लिए प्रयासरत रहना चाहिए।
कार्यक्रम में डॉ. सुनील थपलियाल, रामकृष्ण पोखरियाल, रामप्रसाद उनियाल और मनोज मलासी ने भी विचार व्यक्त किए। मौके पर नीलम पाल, कविता, गौरा देवी, अंजना कंडवाल, यज्ञव्रत पोखरियाल, प्रवीण अंथवाल, तपेन्द्र झिल्ड़ियाल, प्रवेश आदि उपस्थित रहे। संचालन प्रबोध उनियाल ने किया।