
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड पुलिस के साथ समीक्षा बैठक में कहा कि पुलिस व्यवस्था राज्य की सुरक्षा और समृद्धि का एक आवश्यक अंग है। उत्तराखंड पुलिस राज्य में अच्छा कार्य कर रही है। कोरोना काल में पुलिस ने मिशन हौसला के तहत सराहनीय कार्य किया। कहा कि उत्तराखंड पुलिस को आधुनिक बनाने का पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को साइबर क्राइम रोकने के लिए लिए ठोस रणनीति बनाने के निर्देश दिए। साथ ही यातायात नियमों, रोड सेफ्टी के प्रति जागरूकता अभियान, ट्रैफिक लाइट और सीसीटीवी निगरानी की समुचित व्यवस्था करने को भी कहा। कहा कि अधिकारियों की जिम्मेदारी तय हो। जिम्मेदारी के स्तर पर खुद से समाधान निकालें। महिला सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, नशा मुक्ति और साइबर क्राइम की चुनौतियों से निपटने के लिए विशेष योजनाएं बनाएं।
समीक्षा बैठक के दौरान सीएम धामी ने पुलिस व्यवस्था को लेकर कुछ महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की। बैठक में अपर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार, सचिव अमित नेगी, अरविन्द सिंह ह्यांकी आदि मौजूद थे।
मिशन गौरा शक्ति अभियान
महिलाओं की सुरक्षा के लिए उत्तराखंड पुलिस मिशन गौरा शक्ति अभियान चलाएगी। इसके तहत छेड़खानी जैसी घटनाओं में प्रभावी कार्रवाई, बालिकाओं को आत्मरक्षा हेतु प्रशिक्षण और शिकायत निवारण तंत्र अधिक मजबूत बनाया जाएगा। पीड़िता इमरजेंसी में डायल कर तुरंत पुलिस सहायता प्राप्त कर सकती है। ऑनलाइन ऑडियो, वीडियो एवं टेक्स्ट मैसेज के माध्यम से शिकायत दर्ज कर सकती हैं। आपात स्थिति में 112 पर कॉल कर सकते हैं। अपनी शिकायत पर संबंधित पर हुई कार्रवाई की जानकारी प्राप्त कर सकती है।
पब्लिक आई और मिशन गौरा शक्ति एप लॉन्च
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस मुख्यालय देहरादून में विभाग द्वारा तैयार ‘पब्लिक आई एप’ और महिला सुरक्षा हेतु ‘मिशन गौरा शक्ति’ एप का शुभारम्भ किया। एप से पुलिस के अन्य ऑफिसियल सोशल मीडिया अकाउंट पर संपर्क किया जा सकता है। पब्लिक आई एप पर आम लोग शिकायतों के साथ आसपास घटित आपराधिक या विधि का उल्लंघन की घटनाओं के फोटो, वीडियो पुलिस को भेजा जा सकता है। एप में शिकायतकर्ता कार्यवाही की प्रगति को जान सकता है। साइबर क्राइम के बारे शिकायत दर्ज की जा सकती है। ट्रैफिक जाम, सड़क दुर्घटना की जानकारी, फोटो, वीडियो अपलोड कर सकते हैं। आपात स्थिति में 112 नंबर पर कॉल कर सकते हैं।

एसडीआरएफ को किया फ्लैग ऑफ
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने एसडीआरएफ द्वारा पर्यावरण संरक्षण, कोविड जागरूकता, हानिकारक कूड़े के निस्तारण और जोखिम पूर्ण स्थानों के चिह्निकरण के लिए चलाये जा रहे माउंट गंगोत्री1 पर्वतारोहण अभियान को फ्लैग ऑफ किया। इंस्पेक्टर एसडीआरएफ अनीता गैरोला के नेतृत्व में अभियान 09 से 30 सितम्बर तक चलाया जाएगा।
कुछ महत्वपूर्ण घोषणाएं
– पुलिस में खेल कोटे की भर्ती शुरू की जाएगी।
– पीएसी के जवानों के लिए बसों की व्यवस्था की जाएगी।
– उत्तराखंड में एंटी ड्रग पॉलिसी बनाई जाएगी।
– पुलिस विभाग में रिक्त पदों पर जल्द भर्ती की जाएगी।
– आरक्षियों के ग्रेड पे के संबंध में कैबिनेट सब कमेटी के जरिए जल्द समाधान निकाला जाएगा।
– अपराधियों को पकड़ने हेतु पुरस्कार राशि बढ़ायी जाएगी।
– उत्तराखंड धर्म स्वतंत्रता अधिनियम 2018 और सख्त बनाया जाएगा।
– बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों के सत्यापन की प्रक्रिया को मजबूत किया जाएगा।
– इनामी अपराधियों को पकड़ने हेतु पुरस्कार राशि बढ़ायी जाएगी।
– कांस्टेबल, हेड कांस्टेबल, सब इंस्पेक्टर एवं इंस्पेक्टर को कोविड-19 में सराहनीय सेवाओं के लिए 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।