तीर्थनगरी के नागरिक बोले तत्काल रुके यूक्रेन में युद्ध

ऋषिकेश। रूस यूक्रेन के बीच युद्ध के हालातों पर नागरिक कल्याण संगठन ने चिंता जाहिर की। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र संघ से इस मामले में तत्काल दखल देकर जंग रोकने और अमेरिका और रूस द्वारा दूसरे देशों के संसाधनों को हड़पने की नीति को बढ़ावा नहीं देने की मांग की।
बनखंडी में नागरिक कल्याण संगठन की विचार गोष्ठी में स्थानीय नागरिकों ने यूक्रेन और रूस के बीच छिड़ी जंग पर चर्चा की। वक्ताओं का कहना था कि दोनों देशों के बीच युद्ध विकसित देशों द्वारा दूसरे देशों के संसाधनों को हड़पने की कोशिशों, हथियारों की होड़ और नाटो की धोखाधड़ी का परिणाम है। इससे विश्व में शांति के प्रयासों को आधात पहुंचेगा।
उन्होंने कहा कि युद्ध किसी भी समस्या का समाधान नहीं है। इससे गरीब और विकासशील देशों को आर्थिक क्षति होगी। गरीब देशों में महंगाई न बढे इसलिए यूक्रेन और रूस के बीच तत्काल युद्ध रुकना चाहिए।
तीर्थनगरी के नागरिकों ने संयुक्त् राष्ट्र संघ से युद्ध को रोक कर शांति बहाल करने, हथियारों की होड़ को रोकने, नाटो के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ ही अमेरिका और रूस की दूसरे देशों पर आधिपत्य जमाने वाली नीति पर अंकुश लगाने की जरूरत बताई।
गोष्ठी में वरिष्ठ नागरिक कमलाराम भट्ट, गौतम नौटियाल, शीशराम कंसवाल, सतीश रतूडी, जगदीश कुलियाल, बृजपाल सिंह राणा, मदन शर्मा, वीएन तिवारी आदि मौजूद थे।