
• उत्तराखंड को बनाएंगे विश्व की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक राजधानी
शिखर हिमालय डेस्क
ऋषिकेश। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऋषिकेश विधानसभा में अपने पहले राजनीतिक दौरे पर जन आशीर्वाद रैली के जरिए जनता से 2022 के लिए आशीर्वाद मांगा। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की। सीएम ने राज्य योजना से सड़कों और अन्य विकास योजनाओं के लिए 20 करोड़ देने, संजय झील को पर्यटक स्थल के तौर पर विकसित करने और बैराज जलाशय में वाटर र्स्पोट्स की गतिविधियां शुरू करने की बात कही।
शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जन आशीर्वाद रैली में शामिल होने के लिए श्यामपुर पहुंचे। हाट बाजार से आरंभ रैली से पूर्व सीएम ने कहा कि उनकी सरकार प्रदेश के विकास के लिए विशेष कार्यसंस्कृति विकसित कर रही है। प्रतिपक्ष की तरह उनका एजेंडा सिर्फ चुनाव नहीं है। कहा कि वह प्रदेश को विश्व की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक राजधानी के तौर पर विकसित करना चाहते हैं।
युवाओं के मसले पर बोले कि उनकी सरकार ने भर्ती प्रक्रियाएं शुरू कर दी हैं। अगले दो-तीन महीने में 15 हजार से अघिक बेरोजगारों के हाथों में रोजगार होगा। प्रदेश में 24 हजार पदों को भरा जाना है। इसबीच सीएम ने पूर्व में विभिन्न वर्गों के लिए की गई घोषणाओं को दोहराया। साथ ही जनता को विकास का भरोसा दिया।
सीएम धामी ने स्थानीय विधायक और स्पीकर प्रेमचंद अग्रवाल की मांगों में कुछ की घोषणा तत्काल की। जिसमें राज्य योजना मद से 20 करोड़ रुपये जारी करने, बैराज जलाशय में टिहरी झील की तर्ज पर जलक्रीड़ा शुरू करने, संजय झील का सौंदर्यीकरण कर उसे पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने, त्रिवेणीघाट में बहुमंजिला पार्किंग, गंगा की जलधारा को घाटों तक लाने, गुलदार और हाथी से प्रभावित गांवों में सुरक्षा, बाढ़ प्रभावित गांवों में तटबंध निर्माण, श्यामपुर रेलवे फाटक पर ओवर ब्रिज का निर्माण और कृष्णानगर कालोनी आईडीपीएल के मामले में कार्ययोजना तैयार करने की बात कही।
इसके बाद जन आशीर्वाद रैली श्यामपुर से ऋषिकेश के लिए कार्यकर्ताओं के हुजूम के साथ रवाना हुई। जो कि देहरादून मार्ग पर व्यापार सभा के करीब संपन्न हुई। रैली में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष कुसुम कंडवाल, मेयर अनिता ममगाईं, कृष्णकुमार सिंघल, भाजपा जिलाध्यक्ष शमशेर सिंह पुंडीर आदि शामिल थे।