उत्तराखंडसियासत

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने रखा सैन्यधाम की नींव का पत्थर

63 करोड़ रुपये की लागत से देहरादून के गुनियाल गांव में बनेगा सैन्यधाम

देहरादून। केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को गुनियाल गांव में लगभग 63 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित सैन्य धाम का भूमि पूजन किया। इस अवसर पर शहीद सम्मान यात्रा का विधिवत समापन भी किया गया। वहीं वीर शहीदों के परिजनों को शौर्य सम्मान पत्र प्रदान देकर सम्मानित भी किया गया।

इस दौरान रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि देश पर जान न्यौछावर करने वालों को देवतुल्य मानना हमारी परंपरा है। उत्तराखंड वीरता और पराक्रम की भूमि भी है। सैन्यधाम में शहीद सैनिकों के आंगन की पवित्र मिट्टी लाई गई है। कहा कि हमारे शहीद देश की आन बान शान की रक्षा हेतु कभी पीछे नहीं हटे। उनके आंगन की मिट्टी यहां आना गर्व के पल हैं। इस सैन्य धाम से हर कोई शहीदों की शौर्य गाथा और उनकी प्रेरणा लेकर जाएगा।

रक्षामंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में सड़क, रेल एवं हवाई कनेक्टिविटी का तेजी से विस्तार हुआ है। धारचूला- लिपुलेख-मानसरोवर जाने का रास्ता बन गया है। सांस्कृतिक दृष्टि से यह रास्ता बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा भारत और नेपाल के बीच रोटी और बेटी का अटूट रिश्ता है। कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प के अनुसार भारत रक्षा से जुड़े क्षेत्रों में आत्मनिर्भर बनता जा रहा है। आज हमारी सेना हर मोर्चे पर पूरी क्षमता के साथ खड़ी है। भारत विश्व के रूप में मजबूत और ताकतवर भारत के रूप में उभर रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनरल रावत के उत्तराखंड को लेकर कुछ सपने थे, जिन्हें राज्य सरकार पूरा करने के लिये तत्पर है। भव्य सैन्य धाम युवाओं को राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करेगा। कहा कि सैनिक पुत्र होने के कारण वे सैनिक परिवारों के दुख दर्द को भली भांति जानते हैं।

केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भावना के अनुरूप उत्तराखंड में भव्य सैन्य धाम बनाया जाएगा। सूबे सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि 63 करोड़ रुपये की लागत से सैन्य धाम का निर्माण किया जा रहा है। प्रदेश में 1734 शहीदों के घरों से पवित्र मिट्टी एकत्र की गई।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, प्रदेश अध्यक्ष भाजपा मदन कौशिक, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत, विधायक मुन्ना सिंह चौहान, विनोद चमोली, सहदेव पुंडीर, प्रदीप बत्रा, खजानदास, जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान, मेयर सुनील उनियाल गामा मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!