तोताघाटी के पास पलटी यात्रा बस, बड़ा हादसा टला

देवप्रयाग। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर तोताघाटी में रविवार सुबह बदरीनाथ से लौट रही बस पलट गई। हादसे में तीन-चार यात्रियों को मामूली चोट आई हैं। सूचना पर एसडीआरएफ की टीमों ने रेस्क्यू कर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
जानकारी के मुताबिक रविवार सुबह बस संख्या यूके 04 पीए 0418 बदरीनाथ से यात्रियों को लेकर ऋषिकेश लौट रही थी। इसबीच करीब साढ़े 08 बजे बस तोताघाटी और बछेलीखाल के बीच अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। गनीमत रही की बस गहरी खाई में गिरने से बच गई। बस में 39 सवारियां मौजूद थीं।
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की ढालवाला और ब्यासी पोस्ट से टीमें निरीक्षक कविन्द्र सजवान के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। टीमों स्थानीय पुलिस के साथ बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
बताया जा रहा है कि हादसे में 3-4 यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें तुरंत 108 एम्बुलेंस सेवा से ऋषिकेश अस्पताल भेजा गया। अन्य यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद अन्य वाहनों से हरिद्वार रवाना किया गया।



