देहरादून। उत्तराखंड के राजनीतिक इतिहास में ऋतु खंडूरी के राज्य की पहली विधानसभा अध्यक्ष बनते ही नया अध्याय जुड़ जाएगा। ऋतु ने आज शाम स्पीकर पद के लिए नामांकन दाखिल किया। इस दौरान सीएम पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री और पार्टी अध्यक्ष भी मौजूद रहे।
गुरुवार को विधानसभा स्थित सचिव कार्यालय में कोटद्वार से विधायक ऋतु खंडूरी भूषण ने विधानसभा अध्यक्ष पद नामांकन के पहले दिन पर्चा दाखिल किया। इस दौरान विधायक खजान दास, मुन्ना सिंह चौहान, सरिता आर्य, दुर्गेश लाल, चंदनराम दास, प्रमोद नैनवाल, सविता कपूर, उमेश शर्मा काऊ, विनोद कंडारी, महेश जीना, भरत सिंह चौधरी, भोपाल राम टम्टा, बिशन सिंह चुफाल, सतपाल महाराज, मदन कौशिक और कैलाश चंद्र गहतोड़ी उनके प्रस्तावक बने।
इसबीच ऋतु खंडूरी भूषण ने केंद्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त जताया। कहा कि उन्हें खुशी है कि उत्तराखंड में महिलाओं के सम्मान करते हुए विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए उन्हें प्रत्याशी बनाया गया। कहा कि वह प्रदेशवासियों की अपेक्षाओं और आकांक्षाओं के अनुरूप कार्य करेंगी। साथ ही सदन की संसदीय परंपराओं के निर्वहन के लिए प्रतिबद्ध रहकर दलगत राजनीति से हटकर काम करेंगी।
बता दें कि 25 मार्च नामांकन की आखिरी तारीख है। 26 मार्च को सदन में विधानसभा अध्यक्ष का निर्वाचन होना है। कल भी कोई अन्य नामांकन नहीं आया, तो ऋतु खंडूरी पांचवी विधानसभा में राज्य की पहली महिला विधानसभा अध्यक्ष होंगी।
इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऋतु खंडूरी को शुभकामनाएं दी। मौके पर काबीना मंत्री सुबोध उनियाल, प्रेमचंद अग्रवाल, रेखा आर्य, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, सौरभ बहुगुणा, रेखा आर्य, सुरेश गढ़िया, बृजभूषण गैरोला, रामसिंह केड़ा, शैलारानी रावत, सुरेश चौहान, मोहन सिंह बिष्ट, शक्ति लाल शाह, रेणू बिष्ट, शिव अरोड़ा, अनिल नौटियाल, दीवान सिंह बिष्ट मौजूद रहे।