पौड़ी मुख्यालय में बैठें मंडलस्तरीय अधिकारीः सीएम

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंडल मुख्यालय पौड़ी को पूराने स्वरूप में लौटाने के लिए प्रतिबद्ध दिख रहे हैं। सीएम ने आज मंडलस्तरीय अधिकारियों को पौड़ी में बैठने के निर्देश दिए। कहा कि इसके लिए अधिकारी रोस्टर बनाएं।
सोमवार को सचिवालय में सीएम धामी ने मडल मुख्यालय पौड़ी में मडलस्तरीय कार्यालयों के संचालन और विकास संबंधी समीक्षा बैठक की। कहा कि पौड़ी के मंडल कार्यालयों को सशक्त बनाने के लिए अधिकारी कार्यालयों में बैठें। कहा कि मंडलायुक्त, पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र भी मंडल कार्यालयों में बैठने का अपना पूरा रोस्टर जारी करें। साथ ही जिन अधिकारियों को विभागीय निदेशालयों में भी अतिरिक्त प्रभार दिए गए हैं, उन्हें सिर्फ मंडलीय कार्यालय में ही तैनात किया जाए।
उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के सफल संचालन की गढ़वाल मंडल के अधिकारियों पर बड़ी जिम्मेदारी है। यात्रा के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से हों इसकी भी मंडलायुक्त द्वारा नियमित समीक्षा की जाए। जिलाधिकारी पौड़ी को निर्देश दिए कि जनपद के विकास के लिए जिलास्तर पर बनाई गई कार्ययोजना पर तेजी से कार्य हों। इसके लिए शासन स्तर पर संबंधित विभागीय सचिवों से सम्पर्क में रहकर जनपद में कार्य तेजी से किये जाएं।
बैठक में विधायक रेनू बिष्ट, राजकुमार पोरी, मुख्य सचिव डॉ. एसएस संधु, अपर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, शैलेश बगोली, बीवीआरसी पुरूषोत्तम, गढ़वाल कमिश्नर सुशील कुमार आदि मौजूद रहे। जिलाधिकारी पौड़ी डॉ. आशीष चौहान वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े।