• कोठियाल बोले- अब सही जगह आ गया हूं, पूर्व सैनिकों संग जाएंगे चंपावत
देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री पद का चेहरा रहे कर्नल अजय कोठियाल ने सैकड़ों समर्थकों के साथ आज भारतीय जनता पार्टी ज्वाइन की। इस दौरान आप के कार्यकारी अध्यक्ष रहे भूपेश उपाध्याय भी भाजपा का दामन था। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने उन्हें सदस्यता ग्रहण कराई।
मंगलवार को प्रदेश कार्यालय में कर्नल कोठियाल और आप कार्यकर्ताओं की ज्वाइनिंग को लेकर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कर्नल कोठियाल और भूपेश उपाध्याय को पार्टी का पटका पहनाया। उनके साथ आप के 24 पदाधिकारी और 700 से अधिक कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हुए। जिनमें कई पूर्व सैनिक भी शामिल रहे।
कौशिक ने बताया कि कर्नल कोठियाल को पार्टी में लाने की कोशिशें काफी पहले से चल रही थी, लेकिन समय अब आया। कहा कि कर्नल कोठियाल और उनके समर्थकों के आने से भाजपा को प्रदेश में मजबूती मिलेगी। उन्हें पार्टी में समाहित करते हुए निश्चित ही हम आगे बढ़ेंगे।
सीएम धामी ने कहा कि आज मैं एक सैनिक पुत्र भारतीय जनता पार्टी में एक पूर्व सैनिक का स्वागत करते हुए गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। कहा कि भाजपा हमेशा से सैनकों का सम्मान करती रही है। पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सैनिकों के हितों के लिए कई काम हुए हैं। यह दावा भी किया कि आम आदमी पार्टी का पूरे देश से सफाया होगा, इसकी शुरूआत उत्तराखंड से हो गई है।
कर्नल अजय कोठियाल ने कहा कि कई बार हम भावनाओं में फैसले ले लेते हैं, लेकिन बीच में लगता है कि फैसला सही नहीं था, तो यह एक समझदारी है। कहा कि आज हम में सही जगह आए हैं। हमारी टीम उत्तराखंड की तरक्की के लिए काम करेगी और पार्टी का साथ निभाएगी। ऐलान किया कि वह पूर्व सैनिकों के साथ चंपावत उपचुनाव में भी अपना योगदान देंगे।
यह भी हुए बीजेपी में शामिल
आम आदमी पार्टी को छोड़ने के बाद बीजेपी में शामिल लोगों में कई ऐसे लोग भी शामिल रहे जो विधानसभा चुनाव में आप के टिकट पर मैदान में थे। इनमें नवीन पिरशाली, योगेंद्र सिंह चौहान, उत्तम सिंह भंडारी, गुड्डू लाल, भरत सिंह आदि प्रमुख थे। इसके अलावा कई पूर्व सैनिक और कोठियाल के अन्य सैकड़ों समर्थकों ने भी बीजेपी का दामन थामा।