उधमसिंह नगर

’उन्नत कृषि-समृद्ध किसान’ के संकल्प को साकार कर रहा विविः सीएम

पं. गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि में किया किसान मेले का शुभारंभ

पंतनगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पं. गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में 116वें अखिल भारतीय किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और हरेला उद्यान का वर्चुअल शुभारम्भ भी किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनपदों से आए प्रगतिशील किसानों को स्मृति चिह्न व प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ऐसे किसान मेले प्रदेश के किसान भाइयों की उन्नति में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, क्योंकि इस प्रकार के कृषि मेलों के माध्यम से वैज्ञानिक, किसान एवं उद्यमी एक ही स्थान पर कृषि सम्बन्धी नवीनतम तकनीकों ओर विभिन्न जानकारियों का आदान-प्रदान कर सकते हैं। किसानों को उन्नत बीज, पौध, कृषि यंत्र और जैविक खाद सहित कृषि से जुड़ी सभी आवश्यक वस्तुएं एक ही स्थान पर मिल जाती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के किसानों को कुशल एवं समृद्ध बनाने के लिए व्यापक स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। आज एक ओर उपज बढ़ाने के लिए तकनीकी के प्रयोग और नवाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है, दूसरी ओर सभी प्रमुख फसलों पर बढ़ी हुई एम.एस.पी देकर किसानों की आय में बढ़ोतरी सुनिश्चित की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के प्रति पीएम मोदी की प्रतिबद्धता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 2024 में जब उन्होंने प्रधानमंत्री पद की शपथ ली, सबसे पहले किसान सम्मान निधि की फाइल पर हस्ताक्षर किए। सीएम ने बताया कि इस योजना के जरिए उत्तराखण्ड के भी लगभग 8 लाख किसानों को मदद मिल रही है। कहा कि केंद्र सरकार ने पिछले दिनों किसानों के लिए 14 हज़ार करोड़ सात नई योजनाओं को भी मंजूरी दी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भी किसानों के उत्थान एवं समृद्धि के लिए संकल्पित है। वर्तमान में प्रदेश में किसानों को 3 लाख रुपये तक का ऋण बिना ब्याज के दिया जा रहा है, “फार्म मशीनरी बैंक“ योजना से कृषि उपकरण खरीदने के लिए 80 फीसदी तक सब्सिडी दी जा रही है। गेहूं खरीद पर प्रति क्विंटल 20 रुपये का बोनस दिया जा रहा है, गन्ने के रेट में भी 20 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोत्तरी की गई है। नहर से सिंचाई को बिल्कुल मुफ्त किया गया है। चाय बागान धौलादेवी, मुन्स्यारी और बेतालघाट को जैविक चाय बागान के रूप में परिवर्तित किया जा रहा है। सगंध खेती को बढ़ावा देने के लिए 6 एरोमा वैली विकसित करने पर कार्य किये जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार के बजट में 200 करोड़ रुपये का प्रावधान विशेष रूप से पॉलीहाउस निर्माण के लिए किया है, जिससे किसानों की आय बढ़ने के साथ ही रोजगार के साधन भी बढ़ेंगे। कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में वर्षा आधारित खेती के लिए लगभग 1000 करोड़ रुपये की लागत से “उत्तराखंड क्लाइमेट रिस्पॉन्सिव रेन-फेड फार्मिंग प्रोजेक्ट“ भी स्वीकृत किया गया है। फलों के उत्पादन की दिशा में एप्पल और कीवी मिशन की शुरुआत की गई है। सेब के बागान लगाने वाले किसानों को 80 प्रतिशत सब्सिडी दी जा रही है। कीवी के बगीचे स्थापित करने में भी सरकार हर संभव मदद कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्वविद्यालय “उन्नत कृषि-समृद्ध किसान“ के संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर काम कर रहा है। यहां विकसित की गई फसलों, सब्जियों एवं फलों की विभिन्न प्रजातियां और अनेक उन्नत कृषि तकनीकें ना सिर्फ उत्तराखंड बल्कि पूरे देश के किसानों को फायदा पहुंचा रही हैं।

कुलपति डॉ. मनमोहन सिंह चौहान ने विश्वविद्यालय की प्रगति की जानकारी दी। बताया कि देश में दलहन के 28 बीज स्वीकृत हुए हैं, जिसमें से 10 बीज पंतनगर विवि के खाते में आए हैं। विगत दो वर्षों में विश्वविद्यालय द्वारा 7 एमओयू अंतरराष्ट्रीय स्तर के हुए हैं। 300 कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए। ड्रोन व एआई तकनीक पर भी विश्वविद्यालय कार्य कर जा रहा है। बताया कि बद्री गाय का क्लोन भी विश्वविद्यालय द्वारा तैयार किया जा रहा है।

इस अवसर पर विधायक शिव अरोड़ा, तिलक राज बेहड़, राज्य मंत्री अनिल कपूर डब्बू, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, जिलाध्यक्ष भाजपा कमल जिंदल, गुंजन सुखीजा, अमित नारंग, विकास शर्मा, विवेक सक्सेना, उप महानिदेशक यूएस गौतम, मंडलायुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी उदय राज सिंह, एसएसपी मणिकांत मिश्र, सीडीओ मनीष कुमार, संयुक्त मजिस्ट्रेट आशिमा गोयल, एसपी सिटी मनोज कत्याल आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button