देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देश दुनिया में उत्तराखंड के सेब को पहचान मिले इसके लिए प्रयास करने होंगे। इसके लिए नए उद्यानों की स्थापना के साथ ही वैज्ञानिकों को राज्य की भौगोलिक के अनुरूप अनुसंधान पर जोर देना होगा।
मुख्यमंत्री ने यह बात रेंजर ग्राउंड में तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय एप्पल महोत्सव के शुभारम्भ कही। इस दौरान सीएम ने सेब उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एप्पल मिशन की धनराशि दुगनी करने की घोषणा की। कहा कि प्रदेश में उद्योगों के साथ ही उद्यान एवं बागवानी के विकास हेतु अनुकूल नीति बनायी जायेगी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य में नई तकनीकी के बल पर सेब के उन्नत किस्म के पेड़ लगाने से हम जम्मू कश्मीर एवं हिमाचल से अच्छी क्वालिटी का सेब उत्पादन कर अच्छे निर्यातक बन सकते हैं। कहा कि यह आयोजन निश्चित रूप से हमारे सेब उत्पादकों तथा बागवानी से जुड़े किसानों को नये अवसर प्रदान करने के संकल्प को पूरा करने में मददगार होगा। बताया कि केंद्रीय कृषि मंत्री द्वारा भी राज्य में कृषि एवं बागवानी के विकास में पूरा सहयोग का आश्वासन दिया गया है।
कृषि एवं उद्यान में मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि एप्पल मिशन से अधिक से अधिक किसानों को जोड़ा जा रहा है। साथ ही इसकी क्वालिटी और पैकिंग पर ध्यान दिया गया है। निदेशक उद्यान डॉ. एच.एस. बवेजा ने बताया कि प्रदेश को उद्यान प्रदेश बनाने की कार्य योजना तैयार की गयी है। इसके लिये 1690 करोड़ रूपये का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी और स्टालों का अवलोकन भी किया। मौके पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, विधायक महेश नेगी, पूर्व मंत्री नारायण सिंह राणा आदि उपस्थित थे।