सतगुरु के दर्शन और प्रवचनों से निहाल हुए अनुयायी
रानीपोखरी में निरंकारी मिशन के संत समागम में जुटे हजारों श्रद्धालु
Sant Samagam : रानीपोखरी/ऋषिकेश। रेशम फार्म में निरंकारी मिशन की ओर से आयोजित संत समागम में हजारों अनुयायी सतगुरु माता सुदीक्षा और निरंकारी राजपिता के दर्शनों और प्रवचनों से निहाल हुए।
संत समागम में सतगुरु माता सुदीक्षा ने कहा कि परमात्मा की कृपा से प्राप्त मानव जीवन की वास्तविकता को पहचान कर मानवता के लिए जिएं। कहा कि ब्रह्मज्ञान को आत्मसात कर ही भक्तिमय जीवन का आनंद प्राप्त किया जा सकता है। हम जितना परमात्मा के अहसास को महसूस करेंगे, उतना ही अधिक मानवीय गुण हमारे जीवन में आते रहेंगे। प्रेमभाव रहेगा तो हम सभी को प्रेम बांट सकेंगे।
उन्होंने कहा कि निराकार के दर्शन होने पर भले ही जीवन कैसा भी हो, कोई भी स्थिति हो एक आनंद की अवस्था में ही हमारा जीवन कट जाता है। कहा कि संसार की हर वस्तु परमात्मा के अलावा माया है, इसलिए स्वयं को माया के प्रभाव से दूर कर परमात्मा के लिए समय बचाएं।
निरंकारी राजपिता ने कहा कि सतगुरु की कृपा से भक्तिमय वातावरण में हम सब महापुरुषों के वचन गीत श्रवण कर भक्ति से सराबोर हुए। सद्गुरु अपने ब्रह्मज्ञान से भोग के पार ले जाते हैं, क्योंकि जीवन में अपने अस्तित्व की जानकारी हमें मिल जाती है तो जीवन से करता भाव खत्म होने लगता है।
इस अवसर पर महात्मा जयपाल सिंह भंडारी और जोनल इंचार्ज हरभजन सिंह ने सतगुरु माता सुदीक्षा और निरंकारी राजपिता का दर्शन देने के लिए आभार जताया। उन्होंने संत समागम में सहयोग के लिए प्रशासन और अतिथियों का भी धन्यवाद ज्ञापित किया।