गौहरीमाफी में बाढ़ सुरक्षा के कामों पर उठे सवाल
कांग्रेस नेता ने क्षेत्रीय विधायक और विभाग मंत्री पर भी साधा निशाना
ऋषिकेश। कांग्रेस नेता जयेंद्र रमोला ने आज गौहरीमाफी गांव के दौरे के बाद बाढ़ सुरक्षा से संबंधित निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। कहा कि दो महीने पहले हुए निर्माण कार्य कार्य एक दिन पहले आई बाढ़ में ही ध्वस्त हो गए। जिसकी उच्चस्तरीय जांच की जानी चाहिए।
रविवार को एआईसीसी सदस्य जयेंद्र रमोला ने बाढ़ प्रभावित गौहरीमाफ़ी के दौरे के बाद बाढ़ सुरक्षा कार्यों को लेकर बयान जारी किया। कहा कि एक दिन पहले बारिश से गौहरीमाफी बाढ़ के हालात से ग्रामीण खौफजदा हैं। बताया कि बाढ़ नियंत्रण के नाम पर वर्षों से करोड़ों रुपये खर्च हुए, लेकिन गांव आज भी सुरक्षित नहीं।
उन्होंने बताया कि चार वर्ष पूर्व करीब 5 करोड़ रुपये और दो महीने पहले 9 करोड़ 65 लाख की लागत से निर्मित पुस्ते व दीवार कल की बारिश में ढह गए। यही नहीं सिंचाई नहर का हेड भी टूट कर बह गया। इससे साफ है कि कार्यदायी संस्था ने बाढ़ सुरक्षा के लिए गुणवत्तापूर्ण कार्य की बजाए करोड़ों रुपये ठिकाने लगाए हैं।
रमोला ने इस मामले में क्षेत्रीय विधायक और विभागीय मंची पर भी निशाना साधा। कहा कि विधायक बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के दौरे तक सीमिति हैं, तो मंत्री ने चुप्पी साधी हुई है। लिहाजा, मुख्यमंत्री से मांग है गौहरीमाफी में बाढ़ सुरक्षा के लिए हुए निर्माण कार्यों की उच्चस्तरी जांच की जाए। अन्यथा ग्रामीणों के साथ आंदोलन किया जाएगा।