डोबरा विस्थापित में निरंकारी मिशन ने किया पौधरोपण

ऋषिकेश। संत निरंकारी मिशन के तत्वावधान में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष में डोबरा विस्थापित स्थित बारात घर परिसर में पौधरोपण किया गया। इस दौरान मिशन के अनुयायियों और सेवादारों ने विभिन्न प्रजातियों के 30 पौधे रोपे।
रविवार को पौधरोपण से पूर्व मिशन के सेवादारों और अनुयायियों ने बारातघर परिसर में सफाई अभियान चलाया। इसके बाद विभिन्न प्रजातियों के 30 पौधे रोपे गए। साथ ही सेवादारों ने पौधों के संरक्षण का संकल्प भी लिया।
संयोजक हरीश बांगा ने कहा कि पेड़-पौधे को लगाना हमारा कर्तव्य हैं। इस कर्तव्य को हर किसी को निभाना चाहिए। मानव सभ्यता को बचाने के लिए पर्यावरण का संरक्षण जरूरी है। कहा कि इसके समाधान के लिए दुनिया के कई देशों ने अनेकों अभियान शुरू किए हैं। भारत में संत निरंकारी मिशन भी इसमें जुटा हुआ है।
बताया कि मिशन द्वारा वन नेस वन कार्यक्रम के तहत अभी तक 125 पौधे लगाए जा चुके हैं। जिनमें से 115 पौधे सुरक्षित हैं। कार्यक्रम में ब्रांच संयोजक, संचालक, शिक्षक, सेवादल और साध संगत से जुड़े लोग शामिल रहे।