देहरादून

उत्तराखंड राज्य के संघर्ष की साक्षी रही है मसूरीः धामी

सीएम ने शहीद राज्य आंदोलनकारियों को वर्चुअल माध्यम से किया नमन

मसूरी, 2 सितम्बर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान गोलीकांड में शहीद राज्य आंदोलनकारियों को वर्चुअल माध्यम से श्रद्धांजलि अर्पित की। कहा कि मसूरी की धरती उत्तराखंड के संघर्ष और बलिदान की साक्षी है।

झूलाघर स्थित शहीद स्थल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री अपने वर्चुअल संदेश में कहा कि 1994 में मसूरी में हजारों राज्य आंदोलनकारी खटीमा गोलीकांड के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे। उनकी आंखों में आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य का सपना था। कहा कि शहीद आंदोलनकारियों का बलिदान हर उत्तराखंडवासी की स्मृतियों में सदैव अमर रहेगा।

उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को भी राज्य निर्माण के संघर्ष से परिचित कराना हमारी जिम्मेदारी है। कहा कि राज्य आंदोलन में हमारी माताओं-बहनों ने अपने संघर्ष और सहभागिता से आंदोलन को मजबूती प्रदान की। सरकार ने आंदोलनकारियों के सम्मान और कल्याण के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।

सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार का स्पष्ट ध्येय है कि उत्तराखंड का कोई भी युवा रोजगार के लिए पलायन करने को मजबूर न हो, कोई भी गांव विकास से वंचित न रहे, देवभूमि की अस्मिता सदैव सुरक्षित और समृद्ध बनी रहे।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, नगरपालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, रविन्द्र जुगरान, डीएम डॉ. आशीष चौहान आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button