देहरादून

उत्तराखंड में बना व्यापार, विकास, विश्वास का वातावरणः धामी

देहरादून 05 मार्च 2024। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को राजपुर रोड स्थित एक होटल में उद्योग विभाग की ओर से आयोजित उत्तराखंड ग्लोबल इन्वेस्टर सम्मिट-2023 में हुए निवेश प्रस्तावों की ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने 11 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। साथ ही 64 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ग्राउंडिंग सेरेमनी के तहत 27 हजार करोड़ की परियोजनाओं की ग्राउंडिग की जा रही है। अब तक 71 हजार करोड़ की परियोजनाओं की ग्राउंडिग की जा चुकी है। कहा कि आप हमारे ब्रांड अम्बेस्डर ही नहीं, बल्कि उससे भी बढ़कर की भूमिका आप लोगों ने निभाई है। हमने दिल्ली, लन्दन, दुबई, अहमदाबाद, मुम्बई, ऊधम सिंह नगर, हरिद्वार, देहरादून आदि स्थानों पर निवेश के लिए जितने प्रयास किये, उसे आगे बढ़ाने का कार्य आप लोगों ने किया। विकास के हर क्षेत्र में आपने योगदान दिया है। कहा कि प्रदेश में ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के सपने साकार हो रहे हैं, व्यापार, विकास और विश्वास का वातावरण बन रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह ग्राउंडिंग हमारे द्वारा संपादित एमओयू का 20 प्रतिशत है, जो हमने महज तीन माह में प्राप्त किया है। इसे हम शत-प्रतिशत करेंगे। हमने इन्वेस्टर समिट के दौरान जो सपने देखे थे, वे सपने अब धीरे धीरे धरातल पर उतरने लगे हैं। अवस्थापना के क्षेत्र में निरन्तर प्रगति हो रही है। कनेक्टिविटी के क्षेत्र में रेल, सड़क, हवाई क्षेत्र में सुधार हो रहा है। पिथौरागढ के लिए 42 सीटर हवाई जहाज संचालन की अनुमति मिल चुकी है। पन्तनगर को अन्तर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा के रूप में विकसित करने की प्रक्रिया प्रगति पर है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश के सभी क्षेत्रों में विकास कार्य हुए हैं। हम उनके मार्गदर्शन में विकसित भारत व विकसित उत्तराखंड के निर्माण के संकल्प के साथ काम कर रहे हैं। लाखों-करोड़ों रुपये का निवेश उत्तराखंड की धरती पर उतर रहा है, इसी का प्रतिफल है कि उत्तराखंड में “व्यापार, विकास और विश्वास“ का आज नया माहौल बना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के तहत हुए 3.56 लाख करोड़ के एमओयू को इसी तरह समय समय पर धरातल पर उतारने का काम आप सभी के सहयोग से किया जाएगा। हमारा प्रयास उत्तराखण्ड को देश का अग्रणी राज्य बनाने के साथ ही एक मॉडल स्टेट के रूप में विकसित करने का संकल्प है।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर स्टार्टप उत्तराखंड ग्रांड चेंलेंज 2022-23 के विजेताओं-साक्षी एंड गु्रप, अंकुश गर्ग, सौम्यदीप एंड अभि, लव शर्मा, मयंक बिष्ट, अरूण शर्मा, तेजस एंड वंश, समृद्धि एंड गु्रप, समृद्धि एंड शिव साक्षी और कुलदीप बिष्ट को पुरस्कृत किया।

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि उत्तराखंड नित नये-नये प्रतीयमान स्थापित कर रहा है। यहां उद्योगों के अनुकूल वातावरण के साथ ही सभी अवस्थापना सुविधाएं मौजूद हैं। मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने कहा कि राज्य में निवेश को बढ़ावा देने के लिए हमने 30 नई नीतियां बनाई है। हमारा उद्योग जगत से निरन्तर संवाद बना हुआ है। उद्योगों से संबंधित समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया जाएगा।

कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, सचिव उद्योग विनय शंकर पाण्डेय ने भी संबंधित जानकारियां साझा की। वहीं उद्योगपति पवन अग्रवाल, आर एस यादव ने भी विचार रखे। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष अवस्थापना अनुश्रवण परिषद विश्वास डाबर, सचिव आर. मीनाक्षी सुन्दरम, विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button