Uncategorized

Dehradun: आकांक्षी जनपद और विकासखंडों को मिला सम्मान

मुख्यमंत्री ने प्रदान किए प्रशस्ति पत्र व पदक, किया पुस्तक विमोचन

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य सेवक सदन में आयोजित सम्पूर्णता अभियान सम्मान समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने नीति आयोग की ओर से आकांक्षी जनपद और विकासखंड कार्यक्रम में सर्वश्रेष्ठ जिलों व ब्लॉक को प्रशस्ति पत्र और पदकों से सम्मानित किया। साथ ही मुख्यमंत्री ने Uttarkaand at 25: A Himalayan State With Infinite Posibilities पुस्तक का भी विमोचन किया।

नीति आयोग द्वारा संचालित आकांक्षी जनपद कार्यक्रम के अंतर्गत तय मानकों की पूर्णता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उत्तराखण्ड के जनपद ऊधमसिंह नगर व हरिद्वार को पुरस्कृत किया गया। वहीं आकांक्षी विकासखण्ड कार्यक्रम के अंतर्गत उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले गदरपुर, मोरी और स्याल्दे विकासखंडों को भी सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आकांक्षी जिला व आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के माध्यम से स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, कृषि, इंफ्रास्ट्रक्चर, सामाजिक विकास व वित्तीय समावेशन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में अभूतपूर्व सुधार हुए हैं। उन्होंने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि नीति आयोग द्वारा जारी आकांक्षी जनपदों की रैंकिंग में हरिद्वार जनपद ने वर्ष 2022 में देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि विकासखण्डों की श्रेणी में गदरपुर, मोरी और स्याल्दे ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश का समग्र विकास हो रहा है। राज्य सरकार सरलीकरण, समाधान, निस्तारीकरण और संतुष्टि के मंत्र के साथ निरंतर आगे बढ़ रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, खेल, पेयजल और हवाई कनेक्टिविटी सहित सभी प्रमुख क्षेत्रों में इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया जा रहा है। वोकल फॉर लोकल, मेक इन इंडिया और स्टार्टअप इंडिया जैसी पहलों से विकसित भारत और विकसित उत्तराखण्ड के लक्ष्य को गति मिली है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में ₹3.56 लाख करोड़ से अधिक के एमओयू साइन हुए, जिनमें से ₹1 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्तावों की ग्राउंडिंग हो चुकी है। राज्य में उद्योगों के लिए सिंगल विंडो सिस्टम को भी सशक्त बनाया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक जनपद-दो उत्पाद, हाउस ऑफ हिमालयाज, स्टेट मिलेट मिशन, नई पर्यटन व फिल्म नीति जैसी योजनाओं से स्थानीय अर्थव्यवस्था और पर्यटन को बढ़ावा मिल रहा है। बताया कि सतत विकास लक्ष्यों के इंडेक्स में उत्तराखण्ड देश में प्रथम स्थान पर रहा है और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में प्रदेश अचीवर्स श्रेणी में शामिल हुआ है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक खजान दास, उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर, प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव डॉ. श्रीधर बाबू अद्दांकी, डायरेक्टर डॉ. मनोज पंत आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!