उत्तराखंडऋषिकेशयात्रा-पर्यटन

चारधाम यात्राः आस्था पथ पर निकली श्रद्धालुओं की बसें

सीएम धामी ने दिखाई हरी झंडी, बेहतर सुविधाओं पर जोर, स्वच्छ यात्रा का संदेश

ऋषिकेश। चारधाम यात्रा 2026 का शुभारम्भ उत्साह और धार्मिक आस्था के माहौल में हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति की यात्रा बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर सीएम ने स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण भी किया।

आईएसबीटी में आयोजित चारधाम यात्रा शुभारंभ समारोह में मुख्यमंत्री धामी ने देशभर से आए यात्रियों का स्वागत किया। कहा कि चारधाम यात्रा केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि आस्था, साधना और आत्मिक ऊर्जा का महत्वपूर्ण माध्यम है। राज्य सरकार का उद्देश्य यात्रा को सुगम, सुरक्षित, सुव्यवस्थित और दिव्य बनाना है, ताकि हर श्रद्धालु यहां से सकारात्मक अनुभव लेकर लौटे।

उन्होंने बताया कि सरकार यात्रा की व्यवस्थाओं को लेकर पूरी तरह सतर्क है और स्वयं लगातार तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सम्मान और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। सीएम नेयात्रियों से अपील की कि वे यात्रा मार्ग और धार्मिक स्थलों की पवित्रता बनाए रखें।

उन्होंने कहा कि ‘ग्रीन चारधाम यात्रा’ और प्लास्टिक मुक्त केदारनाथ धाम सरकार का प्रमुख लक्ष्य है। इसके लिए वाहनों में डस्टबिन रखना अनिवार्य किया गया है। मार्गों पर नियमित सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

मुख्यमंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में यात्रा को और अधिक सुगम बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं पूरी की गई हैं। दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के शुरू होने से यात्रा अब तेज और सुविधाजनक हो गई है। केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में पुनर्निर्माण कार्य जारी है, जबकि गंगोत्री, यमुनोत्री और हेमकुंट साहिब में भी सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है।

ऑल वेदर रोड परियोजना के तहत सड़कों को बेहतर बनाया गया है और गौरीकुंड से केदारनाथ तथा गोविंदघाट से हेमकुंट साहिब तक रोपवे परियोजनाओं पर भी कार्य प्रगति पर है।

कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने बताया कि केदारनाथ में मेडिकल अस्पताल तैयार हो चुका है, जबकि बदरीनाथ में 50 बेड का अस्पताल जल्द ही शुरू होगा। कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने बताया कि इस वर्ष यात्रा मार्ग पर शटल सेवा और एलईडी सूचना प्रणाली जैसी नई सुविधाएं शुरू की गई हैं।

कार्यक्रम के दौरान सरकार ने यात्रियों से स्थानीय उत्पादों को खरीदने की अपील भी की, जिससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था और रोजगार को बढ़ावा मिल सके। मौके पर विधायक प्रेमचंद अग्रवाल, मेयर शंभू पासवान, अध्यक्ष गुरुद्वारा हेमकुंट साहिब ट्रस्ट नरेंद्रजीत बिंद्रा, भास्करानंद भारद्वाज, जितेंद्र नेगी, अजय सिंह, मनोज ध्यानी, संजय शास्त्री, भोपाल सिंह नेगी आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button