Rishikesh Assembly: ऋषिकेश। आम आदमी पार्टी के उत्तराखंड सह प्रभारी और दिल्ली के विधायक प्रवीण कुमार देशमुख ने कार्यकर्ताओं से एकजुटता के साथ चुनाव में जुटने का आह्वान किया। कहा कि प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय रहना होगा। इस दौरान उन्होंने पार्टी वर्क्स को कामयाबी के टिप्स भी बताए।
शुक्रवार को शहर स्थित पार्टी कार्यालय में प्रवीण कुमार देशमुख ने प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने ऋषिकेश विधानसभा में पार्टी की स्थिति, अब तक किए गए चुनाव प्रचार संबंधी कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि अब चुनाव मैदान में उतरने का समय आ चुका है। ऐसे में हमारी एकजुटता ही सफलता दिला सकती है। कार्यकर्ताओं को जी जान से जुटकर पार्टी के पक्ष में काम करना होगा।
इसबीच देशमुख ने उत्तराखंड की बदहाली के लिए भाजपा और कांग्रेस को बराबर का जिम्मेदार ठहराया। कहा कि 21 सालों में दोनों ही दलों ने विकास की बजाए मात्र सत्ता का सुख भोगा है। रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य आदि के क्षेत्र में कुछ भी काम नहीं हुआ है। युवा पलायन को मजबूर हैं। ऐसे तमाम तथ्यों को आमजन तक पहुंचाना होगा।
बैठक में आप प्रत्याशी राजे सिंह नेगी ने भी कार्यकर्ताओं से विधानसभा क्षेत्र की जनता के दरवाजे पर दस्तक देने और उन्हें पार्टी की भावी योजनाओं को बताने की अपील की। साथ ही जनता से आम आदमी पार्टी के पक्ष में वोट अपील करने को भी कहा।
मौके पर आप के संगठन मंत्री दिनेश असवाल, चंद्रमोहन भट्ट, दिनेश कुलियाल, अधिवक्ता लालमणि रतूड़ी, मनमोहन नेगी, अजय रावत, अभिषेक थापा, संदीप शर्मा, प्रभात झा, अर्जुन सिंह आदि मौजूद रहे।