
Uttarakhand Weather Updates: देहरादून। उत्तराखंड के मैदानी ही नहीं बल्कि पहाड़ों पर गर्मी तड़पाने लगी है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में तापमान के बढ़ने का पूर्वानुमान लगाया है। विभाग ने 11 और 12 अप्रैल के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग उत्तराखंड के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि करीब पखवाड़ेभर से राज्य के शहरों और पहाड़ों पर तापमान में सामान्य से अधिक वृद्धि आंकी गई है। जो कि सामान्य से 4 से 7 डिग्री सेल्सियस अधिक है। अगले कुछ दिनों में इसमें ं 2 से 3 डिग्री की बढ़ोत्तरी हो सकती है।
उन्होंने बताया कि मैदानी इलाकों में तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। पूर्वानुमान के आधार पर विभाग ने 11 और 12 अप्रैल के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। बताया कि पहाड़ों में भी गर्मी का पारा 28 से 30 डिग्री तक जा सकता है। बताया कि गर्मी बढ़ने से पहाड़ों के जंगलों में आग की घटनाएं बढ़ सकती हैं। लिहाजा, वनों के आसपास की रिहायश को सावधान रहने की जरूरत है।
राज्य मौसम केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि उत्तरकाशी, चमोली, टिहरी, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत जनपदों में अगले तीन चार दिनों में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि का अनुमान है।
उन्होंने बताया कि 13 और 14 अप्रैल को राज्य के कुछ इलाकों में बारिश के छिंटे पड़ने पर गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। वहीं उन्होंने 3500 मीटर से अधिक ऊंचे पहाड़ी इलाकों में हिमस्खलन की भी संभावना है।