खाटू श्याम के भजनों पर जमकर झूमे श्रोता
सोमेश्वर महादेव मंदिर में भंडारे के साथ श्रीमद्भागवत कथा संपन्न
ऋषिकेश। ब्रह्मलीन संत हरिगिरी महाराज की 20वीं के उपलक्ष में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव भंडारे के साथ संपन्न हो गया। इससे पूर्व कथा के अंतिम दिवस खाटू श्याम परिवार की ओर से आयोजित संकीर्तन और भजनों का कथाप्रेमियों ने जमकर रसास्वादन किया।
बनखंडी स्थित सोमेश्वर महादेव मंदिर परिसर में 29 मई से 4 जून तक श्रीमद्भागव कथा का आयोजन किया गया। कथा के अंतिम दिवस खाटू श्याम परिवार ने कथा मंडप में खाटू श्याम संकीर्तन और भजनों की प्रस्तुतियां दी।
गायक सौरव राज और उदित अनुभव नारायण ने खाटू श्याम के भजनों की शृंखलाबद्ध प्रस्तुतियों से श्रोताओं को श्याम के रंग में भिगो डाला। कथा प्रेमी देर रात तक संकीर्तन के रसास्वादन को मंडप में जुटे रहे।
मंगलवार को कथा मंडप स्थल पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। हजारों की संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य अर्जित किया।
इस अवसर पर महंत रामेश्वर गिरी, प्रेममूर्ति अभिषेकानंद, मुख्य जजमान हरिराम अरोड़ा, रमेश अरोड़ाश् पूर्व पालिकाध्यक्ष दीप शर्मा, सीमा रानी, अमन सडाना, राजकुमार सडाना, मनोज अग्रवाल, विष्णु तिवारी, विशाल अग्रवाल, अनुराग अग्रवाल, मनोज राजपूत, विजय गोयल, हर्षित सचदेवा, मनीष कौशिक आदि उपस्थित रहे।