Crime: पुलिसकर्मी की पत्नी की दिनदहाड़े हत्या

हल्द्वानी। मुखानी की कालिका कॉलोनी में एक पुलिसकर्मी की पत्नी की हत्या की खबर है। महिला के सिर पर वार करके वारदात को अंजाम दिया गया है। बच्चों के स्कूल से लौटने पर हत्या की जानकारी सामने आई।
जानकारी के मुताबिक बाजपुर में तैनात कांस्टेबल शंकर सिंह के कालिका कॉलोनी मुखानी स्थित घर पर उनकी पत्नी ममता देवी (35) अपने बच्चों के साथ रहती थी। गुरुवार सुबह उनके बच्चे स्कूल गए थे। ममता घर में अकेले थी। इसी बीच अज्ञात हत्यारों ने घर में घुस कर ममता के सिर पर वार करके हत्या कर दी।
बच्चे जब स्कूल से लौटे तब उन्हें मां का शव कमरे में पड़ा हुआ मिला। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आस-पड़ोस के लोग वहां पहुंचे। उन्होंने पुलिस को सूचित किया।
पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर मामले की जांच शुरू की। फिलहाल पुलिस इसे हत्या का मामला तो मान रही है, लेकिन हत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।