उत्तराखंडचंपावतसंस्कृति

चंपावतः देवीधुरा में विश्व प्रसिद्ध पाषाण युद्ध के साक्षी बने मुख्यमंत्री

• रक्षाबंधन पर मां वाराही धाम में मुख्यमंत्री धामी ने बग्वाल मेले में किया प्रतिभाग

• चार खाम सात थोक के बीच 11 मिनट तक चाल फलों फूलों से खेले जाने वाला पाषाण युद्ध

चंपावत। रक्षाबंधन पर देवीधुरा स्थित मां वाराही धाम में आयोजित बगवाल मेले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मां वाराही मंदिर में घंटी चढ़ाई और राज्य की खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर सीएम चार खाम सात थोक के बीच फलों फूलों से खेले जाने वाले पाषाण युद्ध के साक्षी भी बने। पाषाण युद्ध करीब 11 मिनट तक चला।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर घोषणा की कि रीठा में रतिया नदी में बाढ़ सुरक्षा का निर्माण कार्य एवं वैकल्पिक एप्रोच रोड का निर्माण और मानसखंड कॉरीडोर के अंतर्गत वाराही मंदिर के अवशेष अवस्थापना कार्यों को सम्मिलित किया जाएगा। वहीं, सीएम ने बग्वाल मेले में विभागों के स्टॉलो का अवलोकन भी किया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा देवीधुरा आकर मैं स्वयं को अभिभूत महसूस कर रहा हूं। बग्वाल मेला हमारी लोक संस्कृति, आस्था और परंपराओं का संगम है। यह मेला हमारी संस्कृति और परंपराओं को बढ़ावा देने के साथ ही हमारी संस्कृति का भी संवर्धन करता है। कहा पुरानी परंपराओं को निभाने और आगे बढ़ाने की ऊर्जा आने वाली पीढ़ी को मिलते रहनी चाहिए। पीढ़ी दर पीढ़ी लोक संस्कृति को आगे बढ़ाना हम सभी का कर्तव्य है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार देवभूमि की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ ही पौराणिक स्थलों का भी संवर्धन कर रही है। मानसखंड मंदिर माला मिशन के अंतर्गत कुमाऊं क्षेत्र के पौराणिक मंदिरों का सौंदर्यीकरण हो रहा है। देवीधुरा भी इस मिशन का महत्वपूर्ण भाग है। कहा चार धामों के साथ ही मानसखंड में मंदिरो को भी रोपवे से जोड़ने का कार्य जारी है। मां पूर्णागिरि धाम को रोप-वे से जोड़ा जा रहा है। मानसखंड यात्रा के तहत विशेष ट्रेन भी चलवाई जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार राज्य में मंदिर के संवर्धन के साथ ही कृषि, दुग्ध उत्पादन, शिक्षा, बागवानी, जैसे विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर कार्य कर रही है। चंपावत महाविद्यालय को सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के कैंपस के रूप विकसित किया जा रहा है। चंपावत मुख्यालय में एआरटीओ का उप कार्यालय खोला गया है।

इस दौरान मुख्यमंत्री द्वारा लोक कलाकार गिरीश बरगली द्वारा तैयार ‘जय मां वाराही’ वीडियो को लांच किया। वहीं, हेलीपेड के निकट जीआईसी परिसर में पौधारोपण किया।

मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष ज्योति राय, विधायक खुशाल सिंह अधिकारी, राम सिंह कैड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष निर्मल महरा, पूर्व सांसद डॉ. महेंद्र सिंह पाल, उपाध्यक्ष सेतु राजशेखर जोशी, बाराही मंदिर समिति संरक्षक लक्ष्मण सिंह लमगड़िया, अध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, डीएम नवनीत पांडे, एसपी अजय गणपति आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!