नए साल 2022 में उत्तराखंड में 243 दिन स्कूल खुलेंगे। शिक्षा विभाग ने प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के लिए अवकाश की सूची जारी कर दी है।
निदेशक प्रारंभिक शिक्षा रामकृष्ण उनियाल द्वारा शनिवार (18 दिसंबर) को अवकाश तालिका के संदर्भ में आदेश जारी किया गया। बताया गया कि राज्य के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के लिए ग्रीष्मकालीन व शीतकालीन अवकाश के साथ अन्य अवकाश हेतु वर्ष 2022 की अवकाश सूची तैयार की गई है। सूची में कुल कार्य दिवसों का माहवार आवंटन किया गया है।
बताया कि वर्ष 2022 में 243 दिन विद्यालय खुलेंगे। वर्ष 2022 में रविवार समेत 74 सार्वजनिक अवकाश निर्धारित किए गए हैं। जबकि जिलाधिकारी द्वारा 3 स्थानीय अवकाश और प्रधानाध्यापक द्वारा 3 विवेकाधीन अवकाश रहेंगे।
ग्रीष्मकालीन दीर्घ अवकाश वाले विद्यालयों में ग्रीष्मकाल में 27 मई से 30 जून 2022 तक 35 दिन और शीतकाल में 1 जनवरी से 13 जनवरी 2022 तक 13 दिन अवकाश रहेगा। जबकि शीतकालीन दीर्घ अवकाश वाले विद्यालयों में ग्रीष्मकाल में 20 जून से 30 जून 2022 तक 11 और शीतकाल में 26 दिसंबर 2022 से 31 जनवरी 2023 तक 37 दिन का अवकाश रहेगा।