उत्तराखंड सरकार के चार साल पूरे, सीएम ने जताया जनता का आभार

देहरादून। पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि देवतुल्य जनता का विश्वास सरकार को निरंतर कार्य करने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में राज्य ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल की हैं। केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश की विकास यात्रा को गति मिली है।
धामी ने कहा कि राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए केदारनाथ और हेमकुण्ड साहिब के लिए रोपवे परियोजनाएं शुरू की गई हैं, जिससे यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाया जाएगा। साथ ही, शीतकालीन यात्रा की शुरुआत और मानसखण्ड मंदिर माला मिशन के तहत धार्मिक पर्यटन को भी विस्तार दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य में वर्ष 2025 में 6 करोड़ से अधिक पर्यटक पहुंचे, जबकि चारधाम यात्रा और कांवड़ यात्रा में भी रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी रही। मुख्यमंत्री ने बताया कि ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के तहत ₹3.56 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए, जिनमें से ₹1 लाख करोड़ से अधिक धरातल पर उतर चुके हैं। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन, जमरानी बांध परियोजना और दिल्ली-देहरादून एलिवेटेड रोड जैसी परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 लागू की गई है, जबकि स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए किच्छा में एम्स सैटेलाइट सेंटर का निर्माण जारी है। कहा कि जनकल्याण के तहत राज्य आंदोलनकारियों को आरक्षण और पेंशन में वृद्धि, शहीद सैनिकों के आश्रितों को आर्थिक सहायता में बढ़ोतरी और “जन-जन के द्वार” अभियान के माध्यम से लोगों को योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।
धामी ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत आरक्षण लागू किया गया है। स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक सहायता दी जा रही है। उन्होंने बताया राज्य में समान नागरिक संहिता लागू की गई है। नकल विरोधी कानून से भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता आई है, जिसके परिणामस्वरूप हजारों युवाओं को रोजगार मिला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य ने ऊर्जा, खेल और अन्य क्षेत्रों में भी प्रगति की है और “विकसित भारत 2047” के लक्ष्य में उत्तराखण्ड महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।



