देश

उत्तराखंड के लिए आंदोलनकारियों ने किया सर्वस्व न्यौछावर: धामी

• सीएम ने रामपुर तिराहा पर शहीद आंदोलनकारियों को अर्पित की श्रद्धांजलि

मुजफ्फरनगर (उ.प्र.)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शहीद स्थल रामपुर तिराहा में उत्तराखंड राज्य आंदोलन के शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। वहीं, उन्होंने शहीद स्थल पर शहीद राज्य आंदोलनकारियों की प्रतिमा लगाने घोषणा की। इस दौरान सीएम ने शहीद स्थल के लिए भूमि दाता दिवंगत महावीर शर्मा की प्रतिमा का शिलान्यास भी किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि शहीदों के बलिदान और परिश्रम से हमें अलग राज्य मिला है। इस दौरान आंदोलनकारियों को अनेक यातनाएं सही। कहा कि 2 अक्टूबर 1994 को रामपुर तिराहे पर घटित गोलीकांड राज्य आंदोलन का सबसे क्रूर और गहरा जख्म देने वाला अध्याय रहा। इन अत्याचारों को कोई उत्तराखंडवासी भुला नहीं सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस राज्य के लिए आंदोलनकारियों ने अपना सर्वस्व न्यौछावर किया, राज्य सरकार उस उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए रात दिन कार्यरत है। कहा कि राज्य आंदोलनकारियों और उनके आश्रितों के लिए 10 प्रतिशत का क्षैतिज आरक्षण लागू किया है। उनके परिवारों को पेंशन और आंदोलन के दौरान जेल जाने वाले और घायल सक्रिय आंदोलनकारियों को प्रतिमाह पेंशन दी जा रही है। बसों में निःशुल्क यात्रा सुविधा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पृथक राज्य की परिकल्पना में हमारे प्रदेश की डेमोग्राफी को संरक्षित रखने की चिंता भी शामिल थी। राज्य सरकार देवभूमि की डेमोग्राफी को संरक्षित रखने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। हमने राज्य में सख्त धर्मांतरण रोधी कानून लागू किया है। हर नागरिक को समान अधिकार के उद्देश से समान नागरिक संहिता का अधिनियम पास किया गया है। जल्द ही उत्तराखंड में सख्त भू-कानून को लाने की तैयारी कर रही है। जिसके लिए सभी स्टेक होल्डर, विशेषज्ञों, आंदोलनकारियों से विचार विमर्श किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और सहयोग से हम उत्तराखंड को श्रेष्ठ उत्तराखंड बनाने के लिए प्रतिबद्ध होकर निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक हम आंदोलनकारियों के सपनों का उत्तराखण्ड नहीं बना लेते, तब तक चैन से नहीं बैठेंगे।

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने शहीद राज्य आंदोलनकारियो को नमन किया। कहा कि वीर सपूतों की बदौलत हमें राज्य मिला है। कहा कि रामपुर तिराहा कांड सत्य और अहिंसा की कड़ियों से जुड़ा हुआ है। उत्तराखंड की महिलाओं ने इस आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई। केंद्र एवं राज्य सरकार के प्रयासों से हमारा राज्य निरंतर नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

इस अवसर पर राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव, उपाध्यक्ष आपदा प्रबंधन समिति विनय रौहेला, विधायक प्रदीप बत्रा, जिलाध्यक्ष भाजपा (मुजफ्फरनगर) सुधीर सैनी, मीनाक्षी स्वरूप, सचिव हरिचंद्र सेमवाल, जिलाधिकारी हरिद्वार कर्मेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!