टिहरीः भीषण सड़क हादसा, 8 लोगों की दर्दनाक मौत

Breakin News : टिहरी (गढ़वाल)। उत्तराखंड के टिहरी जिले में आज एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। चंबा-कोटी कॉलोनी मार्ग पर नैल के समीप एक बोलेरो कैंपर (यूटिलिटी) वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना में वाहन सवार 10 लोगों में से आठ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने आठ लोगों की मौत की पुष्टि की है। बताया गया कि वाहन में सवार सभी लोग घनसाली क्षेत्र के चांजी, ठेला और चकरेडा गांव के निवासी थे। जो कि हरिद्वार में एक अंतिम संस्कार में शामिल होकर गांव वापस लौट रहे थे, तभी नैल के पास उनका वाहन हादसे का शिकार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमों को तुरंत मौके के लिए रवाना किया गया। मौके पर डीएम और एसएसपी की देखरेख में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।
रेस्क्यू टीम ने दो घायलों को खाई से निकालकर अस्पताल पहुंचाया। इस दुखद घटना के बाद से प्रभावित गांवों में शोक की लहर है।



