Landslide: रुद्रप्रयाग। पहाड़ों में पर रहने वालों की दुश्वारियां खत्म होने का नाम नहीं लेती। कभी बारिश, बादल फटने का डर तो कभी भूस्खलन का कहर। इसी तरह का एक वीडियो आज सोशल और वेब मीडिया पर वायरल हुआ। जिसमें सुबह सवेरे एक गांव का निचला हिस्सा भरभरा कर जमींदोज हो गया। इस दौरान आसपास के लोगों में चीख पुकार मच गई। सूचना के बाद प्रशासन ने मौके पर पहुंच कर नुकसान का जायजा लेने के साथ ही खतरे की जद आए परिवारों को शिफ्ट करना शुरू कर दिया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आज सुबह करीब 8 बजे जनपद रुद्रप्रयाग अंतर्गत सारी गांव के झालीमठ तोक के ग्रामीणों में उस वक्त अफरा तफरी मच गई जब गांव का एक हिस्सा अचानक भूस्खलन के चलते दरकने लगा, और देखते ही देखते धूल के गुबार के साथ जमींदोज हो गया।
भूस्खलन की इस घटना पर जैसे ही ग्रामीणों की नजर गई, चारों तरफ चीख पुकार मच गई। भूस्खलन क्षेत्र के ऊपर मौजूद लोगांं को आवाज लगाकर सावधान करने के साथ उन्हें हटने के लिए कहा गया। लैंडस्लाइड में घरों के किनारे बने 2 गोशाला और 3 शौचालय मिट्टी में मिल गए। आसपास मौजूद लोगों ने इस घटना का वीडियो बनाया। वीडियो में ग्रामीणों की चीख पुकार साफ सुनी जा सकती है।
सूचना के बाद डीएम रुद्रप्रयाग के निर्देश पर तहसीलदार मंजू रावत, आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार, राजस्व निरीक्षक दिनेश रावत के साथ बचाव दल भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने नुकसान का जायजा लेने के साथ ही ग्रामीणों को सुरक्षित जगहों पर शिफ्ट करना शुरू किया।
तहसीलदार मंजू रावत ने बताया कि भूस्खलन के खतरे को देखते हुए गांव के 11 परिवारों को शिफ्ट किया जा रहा है। प्रभावितों के लिए सुरक्षित जगह पर व्यवस्था की जा रही है।