अपराध

Rishikesh: महिला की गोली मारकर हत्या, हमलावर फरार

Crime News : ऋषिकेश। एम्स ऋषिकेश में संविदा पर कार्यरत 32 वर्षीय महिला कर्मी की शनिवार देर रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह सनसनीखेज वारदात ऋषिकेश के शिवाजीनगर गली नंबर-16 में रात करीब 9:30 बजे हुई। अज्ञात हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार मृतका प्रीति रावत किराए के मकान में अकेली रहती थी। शनिवार रात अज्ञात व्यक्ति घर के बाहर पहुंचा और दरवाजे में लगी जाली से सटाकर प्रीति पर फायरिंग कर दी। गोली सीधे उसके सीने में लगी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो महिला कमरे में फर्श पर लहूलुहान हालत में पड़ी मिली।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल प्रीति को एम्स ऋषिकेश ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी और एसपी देहात ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से अहम साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस और एसओजी की टीमें अज्ञात हमलावर की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयासों में जुटी हुई हैं।

बताया गया है कि मृतका का एक आठ वर्षीय बेटा है, जो वर्तमान में अपने नाना-नानी के पास रहता है। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। कोतवाल कैलास चंद्र भट्ट ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!