ऋषिकेश। नगर निगम चुनाव में कांग्रेस के मेयर प्रत्याशी दीपक प्रताप जाटव ने मंगलवार को वार्ड 10 और 02 में जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों से कांग्रेस के पक्ष में मतदान की अपील की। साथ ही आमजन से स्थानीय मुद्दों पर अपना विजन साझा किया।
जनसंपर्क के दौरान दीपक प्रताप जाटव ने कहा कि हमारा मुख्य उद्देश्य ऋषिकेश के विकास को नई दिशा देना है। कांग्रेस हमेशा जनता की सेवा में विश्वास रखती है। हम सुनिश्चित करेंगे कि क्षेत्रवासियों को बुनियादी सुविधाएं कैसे मुहैया कराई जाएं। वादा किया कि मुझे जनसमर्थन मिला, तो नगर निगम में पारदर्शिता, विकास और बेहतर प्रशासन दूंगा।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से संवाद करते हुए कहा कि आज के दौर में नगर निगम के हर वार्ड का समग्र विकास बेहद जरूरी है। कांग्रेस के नेतृत्व में हम हर वार्ड में समान रूप से विकास की योजनाओं को लागू करेंगे और जनता की समस्याओं का समाधान करेंगे।
दीपक प्रताप जाटव ने क्षेत्रवासियों से यह भी कहा कि नगर निगम चुनाव सिर्फ पार्टी का चुनाव नहीं, बल्कि शहर के भविष्य का चुनाव है। उन्होंने कांग्रेस के पक्ष में समर्थन की अपील करते हुए कहा, आपका एक वोट हमारे शहर की नई पहचान बना सकता है। कांग्रेस पार्टी ही वह पार्टी है जो जनता के असली मुद्दों को प्राथमिकता देती है और हर वर्ग को सशक्त बनाने के लिए काम करती है।