Rishikesh: शिवाजीनगर हत्याकांड का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

ऋषिकेश। शिवाजीनगर क्षेत्र में महिला की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी घटना के बाद से फरार था।
कोतवाली पुलिस के अनुसार हत्यारोपी सुरेश गुप्ता (40 वर्ष) को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के छुटमलपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। इसके लिए तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय इनपुट की सहायता ली गई।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी और मृतका के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। दोनों विवाह की योजना बना रहे थे, लेकिन मकान खरीदने, आर्थिक दबाव और आपसी विवाद को लेकर तनाव बढ़ गया था। जिसके चलते आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया।
घटना 31 जनवरी की रात की है। शिवाजीनगर स्थित किराये के मकान में अकेली रह रही प्रीति रावत (32), जो एम्स ऋषिकेश में संविदा कर्मचारी थीं, को आरोपी ने घर के दरवाजे की जाली से सटाकर गोली मार दी थी। आसपास के लोगों ने उन्हें तत्काल एम्स पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद मृतका के परिजनों की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा वारदात में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।



